बेगूसरायः परिहारा थाना क्षेत्र के बहुआरा चमराही गांव में दो बच्चों के शव मिलने की खबर है.
बताया जा रहा है कि चमराही निवासी सूर्य नारायण महतो का पुत्र हिमांशु उर्फ गोलू और रामज्ञान महतो का पुत्र हर्ष कुमार शनिवार से लापता था. परिजनों ने मामले की सूचना परिहारा थाने दी थी, लेकिन पुलिस बच्चे को बरामद नहीं कर सकी.
आक्रोशित ग्रामीणों ने बखरी खगरिया पथ को जाम कर प्रदर्शन शुरु कर दिया, इसी बीच ग्रामीणों की नजर गंडक नदी में तैरते एक बच्चे की शव पर पड़ी. तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई. बच्चे का शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई, लोगों की भीड़ जुट गई.
शव मिलने की खबर पाकर पुलिस दल-बल के साथ पहुंची और शव को बाहर निकाला. फिर दूसरे शव की तलाश शुरु हुई. आखिरकार दूसरे बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया. दोनों शव की पहचान लापता बच्चे हिमांशु कुमार एवं हर्ष कुमार के रुप में की गई.
परिजनों का आरोप है कि अपराधियों के द्वारा पहले बच्चे का अपहरण किया गया फिर हत्या कर शव को गंडक नदी में फेंक दिया गया. परिजनों ने प्रशासन से अपराधियों के गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की है.
रिपोर्ट-सुमित
रांची के सुधा डेयरी के इंजीनियर का नहीं मिल रहा सुराग, 60 घंटे से लापता

















