धनबादः रेलवे ऑडिटोरियम में शनिवार को केंद्र सरकार के द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया. मेला में नवनियुक्त 173 कर्मचारियों को मुख्य अतिथि, उपभोक्ता खाद्य सार्वजनिक वितरण, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान सौंपा. मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद पीएन सिंह, डीआरएम समेत कई रेल अधिकारी मौजूद थे. मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के हाथ से नियुक्ति पत्र पाने के बाद नवनियुक्त कर्मचारी खुश दिखे और उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन उद्घाटन किया. देश के 37 स्थानों पर इस तरह के कार्यक्रम कर आज 51116 युवाओं के बीच नियुक्ति पत्र बांटे गए हैं.
अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की थी. यह पांचवा रोजगार मेला है. इससे पहले 75 जगहों पर 75000 युवाओं को प्रधानमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपा गया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उनसे बेहतर काम कराने की है. सांसद पीएन सिंह सिंह ने कहा कि मोदी सरकार युवाओं को रोजगार देने का संकल्प ले कर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से कई सेक्टर में काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हर रोजगार मेला में हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है. इससे बेरोजगार युवाओं के हाथों को काम मिल रहा है और सरकारी व्यवस्था दुरुस्त हो रही है.
रिपोर्टः राजकुमार जायसवाल







