डिजीटल डेस्क : काशी विश्वनाथ कॉरीडोर से शुरू हुई बात और धर्मस्थलों की ओर भी जा रही…, बोले उपराष्ट्रपति। शुक्रवार को वाराणसी में देव दीपावली और नमो घाट के शुभारंभ समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सरकार, सियासत, समाज, संस्कृति और देश से सीधे सरोकार रखने वाले अहम बातें अपने संपबोधन में कहीं।
उपराष्ट्रपति बोले – ‘…काशी विश्वनाथ कॉरीडोर…क्या से क्या हो गया…सार्थक हो गया, सुखद हो गया, मन को लुभाने वाला हो गया। …और यहां से जो बात शुरू हुई है, वो हमारे और धर्मस्थलों की ओर भी जा रही है’।
उपराष्ट्रपति बोले – भारत के बुलंदियों को दुनिया सराह रही…
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इसी क्रम में आगे कहा कि – ‘…प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में और उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी जी की तपस्या से जो बदलाव हो रहा है, दुनिया अचंभित है। …जल हो, थल हो, आकाश हो, अंतरिक्ष – भारत के बुलंदियों को दुनिया सराह रही है।
…परंपरा और आधुनिकता का एक अजीब मेल हम देख रहे हैं। संरक्षक, सर्जक और दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पूरे देश के विकास के लिए समर्पित हैं। और भारत गणराज्य के सबसे बड़े प्रांत में यही काम मुख्यमंत्री श्रीमान योगी जी कर रहे हैं’।

उपराष्ट्रपति बोले – 2047 तक विकसित भारत के लिए हरेक की सालाना आय 8 गुना बढ़े..
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि – ‘…अपना भारत बदल रहा है। अकल्पनीय तरीके से बदल रहा है। …जो सोचा नहीं, वो देश में संभव हो रहा है। …हमें संकल्पित होना चाहिए कि जो भारत तीव्र गति से दुनिया की तीसरी आर्थिक महाशक्ति होने की विकास यात्रा पर अग्रसर है।
…प्रधानमंत्री ने जो लक्ष्य रखा है, वो बहुत विशाल है। 2047 में भारत विकसित राष्ट्र हो। …आवश्यकता है कि हर भारतीय की आय सालाना 8 गुना बढ़े। यह एक बहुत बड़ा मैराथन रेस है जिसमें हर भारतीय शरीक है। यह इतना महान यज्ञ देश में संपन्न हो रहा है हरेक निष्ठावान व्यक्ति को आहुति देनी है’।

भगवान बिरसा मुंडा को उपराष्ट्रपति ने किया याद – हमें अपने महापुरुषों को पहले सदैव याद करना चाहिए था…
इससे पहले अपने संबोधन के शुरूआत में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार के तिथि के संयोग का उल्लेख किया। उन्होंने इस तिथि को दुर्लभ बताया और भारतवासियों के लिए अहम।
उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि – ‘…काशी की पावन धरती को मेरा प्रणाम।…अद्भुत महापर्व है ये। काशी की इस पावन भूमिं से सभी देशवासियों को देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। यह अद्भुत संयोग है…आज सिख धर्म के पहले गुरू…गुरू नानक देव जी का 555वां प्रकाश पर्व है…आज ही के दिन भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती है।
…लंबे अरसे बाद हमने अपने महापुरुषों को याद किया है। यह अमृतकाल की सबसे बड़ी सीख है। जिन लोगों ने देश के लिए त्याग किया, हमारे उत्थान और आजादी में योगदान दिया…जिनको पहले सदैव याद करना चाहिए था, उनको याद किया गया। आज का दिवस पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है’।

उपराष्ट्रपति बोले – बदलते हुए भारत की नई तस्वीर दिखाता है काशी का नया नमो घाट
उपराष्ट्रपति ने इसी क्रम में आगे कहा कि – ‘…नमो घाट बदलते हुए भारत की नई तस्वीर दिखाता है। …आज मेरा मन पूरी तरह से अभिभूत है। आज वो पल मेरे जीवन में आया है, जिसकी कल्पना मैंने कभी नहीं की थी।
नमो घाट का लोकार्पण…इस स्थान पर…इस पावन दिवस पर मेरे हाथों हो रहा है।…यह मुझे मेरे बहुत बड़े दायित्व का बोध कराता है। घाट की रचना…दुनिया का सबसे बड़ा घाट होना…अद्भुत है। …मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के अलावा घाट है ही कहां?’

बनारस पर बोले उपराष्ट्रपति – …काशी इज ए सिटी दैट मेक्स ऑवर ग्रेट भारत, पारस है बनारस की मिट्टी
काशी, वाराणसी और बनारस का उल्लेख अपने संबोधन में करने के दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भावपूर्ण मुद्रा में दिखे। उपराष्ट्रपति ने कहा कि – ‘…और यहां तो देखकर लगता है कि जो 5 हजार साल से ज्यादा की दुनिया में अनूठी हमारी सांस्कृतिक विरासत है, उसका संरक्षण और सर्जन किस तरीके से हो रहा है। मिट्टी जहां की पारस है, उसका नाम बनारस है।
काशी मोक्ष की नगरी है। …और मोक्ष कौन प्राप्त नहीं करना चाहता ? जीवन खपा देते हैं लोग, प्रयत्न करते रहते हैं मोक्ष के लिए। यहां भगवान विश्वनाथ ने आराधना की है। उनकी आराधना होती है। काशी वह धरती है जहां परंपरा की अविरल ज्योति प्रजवल्लित होती रहती है।
…हमारे दिल और दिमाग में छाई रहने वाली रामचरितमानस का जन्मस्थल काशी है। एक घाट पर बैठक में तुलसीदास जी ने मानव जीवन के महानतम दर्शन को महाकाव्य के रूप में हमारे सामने प्रस्तुत किया है।
देव दीपावली ?…ऐसा पर्व, ऐसा त्योहार…जब देवता खुद दीप प्रज्जवलन करते हैं। कुछ सालों पहले महामना मालवीय जी का ज्ञान मंदिर…प्राचीन और आधुनिक ज्ञान-विज्ञान का अनूठा संगम बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी। आज के दिन काशी विकास और अध्यात्म का समन्वय है।
…काशी इज ए सिटी दैट मेक्स ऑवर ग्रेट भारत…कल्चरल कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड…जब नजर काशी पर पड़ती है तो एक बात सबके मन में आती है, दुनिया में ऐसा कल्चरल सेंटर कहीं नहीं है। इसका ऐसा अनूठा इतिहास है’।

देव दीपावली पर दीपों से जगमग हुई काशी के 84 घाटों पर जले 21 लाख दीये…
भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के संहार के उपलक्ष्य में देवों द्वारा स्वर्ग में मनाई गई दीपावली ‘देव दीपावली’ का पर्व काशी में अपनी पूरी भव्यता व दिव्यता के साथ मनाया जा रहा है।
काशी में इस देव दीपावली में शामिल होने के लिए शुक्रवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या समेत दर्जनों वीवीआईपी व देश-विदेश के पर्यटक पहुंचे।
लगभग 5 घंटे के काशी प्रवास के दौरान उप राष्ट्रपति ने 90 करोड़ से तैयार नमोघाट का लोकार्पण किया। घाट पर दीपक जलाकर महापर्व देव दीपावली का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उप राष्ट्रपति ने अलौकिक रोशनी में गोता लगा रहे गंगा घाटों की छटा निहारी।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने नमो घाट का लोकार्पण किया तो हर- हर महादेव का जयकारा गूंज उठा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दीप जलाकर देव दीपावली की शुरुआत की। उनके दीप जलाने के साथ शुरू भव्य आतिशबाजी हुई। देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी के घाटों पर आतिशबाजी की गई।
इस दौरान गंगा में क्रूट और नाव पर बैठे पर्यटक भव्य देव दीपावली के उत्सव का लुत्फ उठाते रहे। देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी के घाटों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। काशी के 84 गंगा घाटों पर दीप जलाए गए हैं। काशी के घाटों पर पर्यटकों की भारी भीड़ जुट गई है।
ऐसे में सभी प्रमुख घाटों पर भीड़ बेकाबू होते देख पुलिस के साथ ही अन्य फोर्स मौके पर पहुंचकर भीड़ नियंत्रित करने में जुटी रही। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चेत सिंह किले भी पहुंचे। वहीं अस्सी से चेत सिंह किले की ओर जाने वाले लोगों की भीड़ अधिक रही।
विश्वनाथ धाम का गंगा द्वार आकर्षण का केंद्र बना है। भारी संख्या में पर्यटक यहां सेल्फी लेने पहुंचे। इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, वाराणसी कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नगर विधायक नीलकंठ तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
Highlights