रांची: जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों—रांची, हटिया, कांके, मांडर और तमाड़—में चुनाव प्रचार का शोर सोमवार शाम को थम गया। इन क्षेत्रों में 13 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव के लिए 1997 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां बुधवार सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। वहीं, 88 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।
तमाड़ में सबसे अधिक 57, कांके में 21 और मांडर में 10 ऐसे केंद्र हैं जहां वोटिंग एक घंटे पहले समाप्त होगी। पांचों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 93 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
हटिया विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 27 प्रत्याशी और 5,24,460 मतदाता हैं। वहीं, तमाड़ विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 13 प्रत्याशी और 2,18,018 मतदाता हैं। इन पांच क्षेत्रों में पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं की संख्या 67,560 है।
पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 25,607 दिव्यांग मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके अलावा, 72 थर्ड जेंडर मतदाता भी चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे, जिनमें सबसे अधिक 31 थर्ड जेंडर मतदाता रांची विधानसभा क्षेत्र में हैं।
रांची के उपायुक्त वरुण रंजन और एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं। पोलिंग पार्टियां मंगलवार सुबह मोरहाबादी मैदान से रवाना होंगी।


