नामाकंन कराने आयी विधवा महिला ने की देवर से शादी, प्रखंड परिसर में मौजूद लोग बने गवाह

257
Advertisment

जहानाबाद: जिले के घोसी प्रखंड में नामांकन के आखिरी दिन वार्ड सदस्य के लिए एक महिला प्रत्याशी नामांकन करने पहुंची, जहां उसने प्रखंड मुख्यालय में ही अपने देवर के साथ शादी रचा ली। दरअसल घोसी प्रखंड के शाहपुर पंचायत के डहरपुर गांव निवासी रेखा देवी सोमवार को प्रखंड परिसर में वार्ड सदस्य के लिए नामांकन करने आई, जिसके साथ गांव के ग्रामीण और समर्थक भी नामांकन में भाग लेने के लिए आये थे। इस दौरान विधवा महिला ने पूरे समाज के सामने अपने देवर के साथ शादी कर ली। महिला के पति की 2 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है, ग्रामीणों द्वारा वार्ड सदस्य में चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया गया और यह महिला चुनाव लड़ने के लिए तैयार हो गई।

Advertisment

2 वर्ष पूर्व पति की हो चुकी थी मौत

नामांकन के दौरान शादी देखने के लिए भीड़ जमा हो गई। जहां नामांकन के बाद प्रत्याशी को आम लोग माला पहनाते हैं, वहीं प्रखंड परिसर में एक अद्भुत नजारा देखने को मिला जहां एक देवर ने नामांकन के बाद भाभी को वरमाला पहनाते हुए मांग में सिंदूर भर दिया और उसे अपनी पत्नी बनाकर नए जीवन की शुरुआत की। महिला का कहना है कि इस शादी से मैं काफी खुश हूं और नए जीवन की शुरुआत आज से शुरू कर दिया। वहीं महिला के समर्थकों का कहना है कि इस शादी से हमलोग गांववासी काफी खुश हैं। हमलोग इस महिला को वार्ड सदस्य में समर्थन देकर चुनाव जिताने का काम करेंगे। महिला के ससुर वीरेंद्र प्रसाद ने कहा कि इस शादी से हम काफी खुश हैं क्योंकि एक महिला को पति मिल गया और मेरे बेटे को एक पत्नी मिल गई। पुत्र वधू दांपत्य जीवन बंधने के बाद ये लोग अपना जीवन यापन कर सकेंगे। समाज में भी इन लोगों को मान सम्मान मिल सकेगा। इस अवसर पर महिलाओं द्वारा शादी के गीत भी गाये गये और पति-पत्नी को लोगों ने आशीर्वाद दिया।

रिपोर्ट-गौरव

Advertisement