रांची: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि संकाय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े स्वयंसेवक विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय उत्प्रेरक कक्षा सह ध्यान योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर पुलिस अधीक्षक, झारखंड पुलिस प्रशांत किशोर ने किया. मौके पर प्रशांत किशोर ने बीएयू छात्रों से बीआईटी मेसरा में अध्ययन दौरान एनएसएस से जुड़ी गतिविधियों एवं अनुभवों को साझा किया.
उन्होंने कृषि विश्वविद्यालय के छात्रों को गांवों में जाकर आधुनिक कृषि तकनीकी पर जागरूकता अभियान चलाने एवं किसानों को आय बढ़ाने के स्थानीय उपयुक्त तकनीकों से अवगत कराने की सलाह दी.
साथ ही नजदीक के गावों में जाकर बच्चों को प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कराने की सलाह दी. कहा कि इससे छात्रों को सम्मान और संतुष्टि मिलेगी. कार्यक्रम में कमांडर पी रामाराव, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी, गुमला ने ध्यान योग की शिथिलीकरण प्रक्रिया और ध्यान योग की महत्ता पर प्रकाश डाला.
ध्यान योग को चिंता, तनाव और अवसाद के लक्षणों को कम करने में बेहद कारगर उपाय बताया. मौके पर हार्टफुलनेस संस्था, रांची से जुड़े सुधांसु पाठक एवं विशाल कुमार ने छात्रों को ध्यान योग कला की विभिन्न विधियों से ध्यान योग करना सिखाया.
कार्यक्रम में कृषि संकाय के करीब 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया. संचालन एवं धन्यवाद बीएयू एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ बीके झा ने दी. उन्होंने छात्रों को एनएसएस गतिविधियों में निरंतरता बनाये रखने की भी अपील की.




