दानापुर : दानापुर में भाजपा के द्वारा ब्लॉक पंचायत सदस्य कार्यशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी इस कार्यशाला का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया। सम्राट चौधरी के साथ बिहार में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा, पार्टी सांसद रामकृपाल यादव और विधायक नंद किशोर यादव सहित कई नेता मौजूद थे। वहीं सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार और लालू यादव पर जमकर निशाना साधा। आंध्र प्रदेश में हुए रेल हादसे को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कार्य कर रही है। इस घटना में जो भी लोगों की मौत हुई है और घायल है उनके परिवार के साथ बीजेपी खड़ी है।
इस एक दिवसीय कार्यशाला में पार्टी उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय प्रभारी संजय खेडेलिया, पार्टी नेता निखिल आनंद, पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता अनामिका सिंह पटेल, पंचायत प्रकोष्ठ के ओमप्रकाश भुवन, आनंद पाठक सहित दर्जनों की तादाद में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की गरीबों और ग्रामीण इलाकों में चलाए जा रहे विकास कामों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों के चलते देश के गांव-गांव में विकास की रोशनी पहुंच रही है और लोग खुशहाल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक गरीबों का कल्याण नहीं होगा तब तक कुछ नहीं होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की चर्चा करते हुए कहा कि इससे लोगों को रोजगार मिलेगा। कार्यशाला के दौरान खासकर जिला पंचायत प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि आज केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की गरीब हितैषी नीतियों के चलते 13.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से उपर आए हैं।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत प्रतिनिधि जोर शोर से लोगों को इस बदलाव के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि जिलों में किसान समृद्धि केंद्र खोले गए हैं जहां जिला प्रतिनिधियों को भ्रमण कर वहां लोगों को आ रही समस्याओं को दूर करने की कोशिश करनी चाहिए। जिला प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की अक्षय ऊर्जा योजना के तहत गांवों में रुफ टॉप सोलर पैनल लगाने की ओर लोगों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिला प्रतिनिधि ये भी सुनिश्चित करें कि आपके जिले के सभी गांवों और नगरीय इलाकों में स्ट्रीट लाइट लगे।
उन्होंने लोगों से पंचायत समिति की बैठक में मुद्दों को खड़ा करने पर जोर देते हुए कहा कि यह प्लानिंग की जगह है। उन्होंने कहा कि यहीं से विकास की किरण निकलती है। उन्होंने कहा हमे अपना विजन भी गांव के लोगों को बताना पड़ेगा और आगे बढ़ना पड़ेगा। हमारे गांव के विकास के लिए कोई दूसरा नहीं आएगा।
रजत कुमार की रिपोर्ट







