रांची: गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को मोरहाबादी मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन झंडोत्तोलन करेंगे। समारोह की तैयारी तेज हो गई है।
इस बार समारोह में दस विभागों की झांकी निकलेगी। झांकियों में राज्य के विकास की झलक दिखेगी। पिछले चार वर्षों के दौरान सरकार द्वारा किए गए कार्यों की झलक भी झांकी में दिखाई जाएगी।
इसके अलावा झारखंड की कला-संस्कृति, जल-जंगल और जमीन, सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। समारोह में 15 प्लाटून जवानों द्वारा परेड प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें सेना के जवान भी शामिल
होंगे।
सेना की टुकड़ी को परेड में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश डीडीसी को दिया गया। इसके अलावा चार बैंड की टुकड़ियां भी परेड में शामिल होगी।
जवानों द्वारा 16 जनवरी से परेड का रिहर्सल किया जाएगा। डीसी ने समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने झांकी बनाने के लिए डीटीओ को बड़े वाहन-ट्रेलर की व्यवस्था करने के लिए कहा। कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी, मीडिया सहित आम लोगों के बैठने के लिए वाटर प्रूफ पंडाल बनाने का निर्देश दिया।
अस्थाई शौचालय सहित बिजली-पानी व साफ-सफाई कराने के लिए कहा। सुरक्षा व्यवस्था के साथ ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए रूट चार्ज तैयार करने का निर्देश दिया गया।







