पीएम नरेंद्र मोदी ने आज राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा अवसर पर प्रधानमंत्री आवास में दीये जलाए। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम की तस्वीर के सामने दिये जलाए। इसकी तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की है। साथ ही पीएम मोदी ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह के शुभ अवसर पर देशवासियों से राम ज्योति जलाने का और रामलला का स्वागत करने का आग्रह किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “अयोध्या धाम में आज रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। इस पुनीत अवसर पर सभी देशवासियों से मेरा आग्रह है कि रामज्योति प्रज्वलित कर अपने घरों में भी उनका स्वागत करें। जय सियाराम!”
पीएम मोदी ने कहा कि, “सूर्यवंशी भगवान श्री राम के आलोक से विश्व के सभी भक्तगण सदैव ऊर्जा प्राप्त करते हैं। आज अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर मेरा ये संकल्प और प्रशस्त हुआ कि भारतवासियों के घर की छत पर उनका अपना सोलर रूफ टॉप सिस्टम हो।”
उन्होंने कहा कि, “अयोध्या से लौटने के बाद मैंने पहला निर्णय लिया है कि हमारी सरकार एक करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर लगाने के लक्ष्य के साथ “प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना” प्रारंभ करेगी। इससे गरीब और मध्यम वर्ग का बिजली बिल तो कम होगा ही, साथ ही भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भी बनेगा।”


