
रांची: अपर बाजार स्थित बकरी बाजार में मल्टी स्टोरेज पार्किंग का निर्माण होगा. जुडको ने वहां पांच मंजिला पार्किंग निर्माण की योजना तैयार की है. इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बना ली गयी है.
बकरी बाजार में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तीन एकड़ जमीन पर पांच मंजिला पार्किंग बनायी जायेगी.
वहां 500 से अधिक वाहन एक साथ पार्क किये जा सकेंगे.
साथ ही लगभग 200 दुकानों का भी निर्माण किया जायेगा. प्रस्तावित दुकानों से होनेवाली आमदनी से पार्किंग का मेंटनेंस किया जायेगा.
डीपीआर सीएम की स्वीकृति के लिए भेजा जायेगा. बकरी बाजार में मल्टीस्टोरेज पार्किंग के निर्माण की योजना एक दशक से बनायी जा रही है. हालांकि, अब तक इसे धरातल पर उतारा नहीं जा सका है.
सबसे पहले वर्ष 2012 में वहां पार्किंग निर्माण की योजना बनायी गयी थी. फिर वर्ष 2016 में रांची नगर निगम ने मल्टीस्टोरेज पार्किंग का डिजाइन तैयार कराया था.
प्रस्तावित पार्किंग के बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर को निगम की गाड़ियों की पार्किंग और स्टोरेज के लिए सुरक्षित रखते हुए ऊपरी तलों पर सामान्य वाहनों की पार्किंग प्रस्तावित थी. हालांकि, योजना को राज्य सरकार की मंजूरी नहीं मिली.




