रांची: उत्पाद विभाग ने नामकुम के लोवाडीह में छापा मारकर नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। यहां से अलग-अलग ब्रांड की 25 पेटी नकली शराब, स्प्रिट, बोतलें, स्टीकर और केमिकल बरामद किया है। टीम ने शराब बनाने के किंगपिन नरेश सिंघानिया और उसके दो सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि नरेश सिंघानिया लंबे समय से नकली विदेशी शराब बना रहा है। इस सूचना पर सहायक उत्पाद आयुक्त अरुण मिश्रा के नेतृत्व में विभाग की टीम ने छापेमारी की। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि सिंघानिया ने किराए का मकान लेकर नकली शराब बनाने की फैक्ट्री डाल रखी थी। खासकर हाइवे के किनारे ढाबों में इसकी ज्यादा सप्लाई की जाती थी। बिहार भी भेजा जाता था।
आरोपियों ने बताया कि वे लोग स्प्रिट में केमिकल मिलाकर नकली शराब तैयार कर रहे थे। वहां उन विदेशी ब्रांड की शराब बनाई जाती थी, जो कम दर पर बिकती है। इसके लिए वे लोग कोलकाता से टैंकर से चुराकर बेचे गए स्प्रिट मंगाते थे। एक बोतल नकली शराब बनाने में 50 से 60 रुपए का खर्च आता था, जिसे ये लोग छह से सात गुना ज्यादा कीमत पर बेचते थे।


















