झरिया (धनबाद) : झरिया के बस्ताकोला स्थित गौशाला तालाब में गुरुवार को मृतक बबन दीवान का शव लेकर अंतिम संस्कार करने गए दो लोग तालाब में डूब गए. इस घटना से अंतिम संस्कार में शामिल बांकी लोगों में हड़कंप मच गया. दोनों की घंटों खोजबीन की गई. परन्तु दोनों का कुछ पता नहीं चला. शुक्रवार को काफी खोजबीन के बाद दोनों का शव तालाब से बाहर निकाला गया.
आपको बता दें कि धनबाद गांधी नगर के रहने वाले बबन दीवान की मौत गुरुवार को हुई थी. जिसके बाद स्थानीय लोग शव का अंतिम संस्कार करने बस्ताकोला स्थित गौशाला पहुचे थे. लगातार हो रही बारिश के कारण तालाब का पानी काफी बढ़ा हुआ था. दोनों लोग मारुति में सवार थे. बढ़े हुए पानी के कारण सड़क नहीं दिख रहा था और अचानक मारुति सहित दोनों लोग तालाब में समा गए. जिसके कारण दोनों की मौत हो गई.
कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को शव तालाब से बाहर निकाला. मारुति कार को निकालने का प्रयास किया जा रहा है. शव की पहचान गांधी नगर स्थित हरीश अपार्टमेंट के रहने वाले 50 वर्षीय विशेश्वर दास और 45 वर्षीय सिद्धार्थ सन्याल के रुप में की गई. फिलहाल झरिया पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
रिपोर्ट : अनिल मुंडा


















