दिल्ली. आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोप में दिल्ली पुलिस ने सीएम केजरीवाल के पीए विभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इस पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है, ‘मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं – आप ‘जेल का खेल’ खेल रहे हैं। कल मैं अपने सभी शीर्ष नेताओं, विधायकों, सांसदों के साथ दोपहर 12 बजे BJP मुख्यालय आ रहा हूं। आप जिसे चाहें जेल में डाल सकते हैं।’
स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोप में विभव कुमार गिरफ्तार
वहीं मामले में दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी मार्लेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि यह पूरा मामला मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनाव से पहले फंसाने की साजिश का हिस्सा है। स्वाति मालीवाल केवल इसका एक चेहरा हैं। यह षड्यंत्र सीधे गृह मंत्रालय में रचा जा रहा है। जिस दिल्ली पुलिस ने स्वाति की शिकायत पर तुरंत FIR दर्ज कर ली, वही पुलिस विभव कुमार की शिकायत पर चुप्पी साध गई है। उन्हें FIR की कॉपी तक नहीं दे रही है।
बता दें कि 13 मई को दिल्ली के सीएम आवास पर स्वाति मालीवाल से बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया था। यह आरोप सीएम केजरीवाल के पीए विभव कुमार पर लगा था। इसको लेकर बीजेपी ने आम आदमी पार्टी और सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला था। हालांकि उस दौरान आम आदमी पार्टी ने इस पर कोई प्रतिक्रियां नहीं दी थी, लेकिन एक दिन बाद आप सांसद संजय सिंह ने इस मामले में पार्टी का पक्ष रखते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया था।


















