रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर, उत्पाद सिपाही के 583 पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया गुरुवार से प्रारंभ हो गई है। इसके तहत साहेबगंज समेत अन्य जिलों में शारीरिक दक्षता जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस परीक्षा में कुल 5,13,832 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पलामू जिले में 27 अगस्त से शारीरिक दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जबकि अन्य जिलों में आज से शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इस प्रक्रिया के तहत प्रत्येक चयन पार्षद द्वारा करीब 6000-6000 आवेदकों की शारीरिक दक्षता की जांच की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मुख्यमंत्री ने समय सीमा के भीतर नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही, उन्होंने झारखंड पुलिस के तहत आरक्षियों की बहाली प्रक्रिया को भी जल्द पूर्ण करने का निर्देश जारी किया है।
झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (जेपीएससी) और झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (जेएसएससी) द्वारा विभिन्न रिक्त पदों को भरने के लिए लगातार विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं और अर्हता प्राप्त अभ्यर्थियों से आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।
वर्ष 2020 से जून 2024 तक 26,443 पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और परीक्षा आयोजित कर नियुक्ति का काम जारी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नियुक्ति प्रक्रिया की गति को देखते हुए समय सीमा के भीतर सभी रिक्त पदों को भरने का आश्वासन दिया है। यह कदम झारखंड में रोजगार के अवसरों को बढ़ाने और प्रशासनिक दक्षता में सुधार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


















