रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 का दूसरा चरण 20 नवंबर को होगा, जिसमें 38 सीटों पर मतदान किया जाएगा। इस चरण में कुल 528 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से कई चुनावी समीकरण बदलने की क्षमता रखते हैं।

दूसरे चरण में झारखंड की राजनीति के बड़े नामों की किस्मत दांव पर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट से चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं धनवार से बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी मैदान में हैं। गांडेय सीट पर कल्पना सोरेन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इस चरण में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा 11 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। जेएलकेएम के प्रमुख जयराम महतो भी अपनी ताकत दिखा रहे हैं। वे डुमरी और बेरमो से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि सिल्ली से सुदेश महतो और देवेंद्रनाथ महतो मैदान में हैं।
संथाल परगना में कई हाई-प्रोफाइल मुकाबले देखने को मिलेंगे। दुमका से बसंत सोरेन और जामताड़ा से इरफान अंसारी चुनाव लड़ रहे हैं। जामताड़ा में इरफान की टक्कर सीएम हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन से है। वहीं, मधुपुर सीट पर हफीजउल हसन, जरमुंडी से बादल पत्रलेख और पाकुड़ से आलमगीर आलम की पत्नी भी चुनावी मैदान में हैं। बोरियो सीट से लोबिन हेंब्रम, जो झामुमो से बगावत कर बीजेपी की टिकट पर लड़ रहे हैं, चर्चा में हैं।
प्रचार अभियान 18 नवंबर को खत्म होगा, और सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। दूसरे चरण में कई जगह त्रिकोणीय मुकाबले बनते दिख रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी भी इस चुनाव में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
23 नवंबर को मतगणना के बाद ही साफ होगा कि जनता ने किसे अपना समर्थन दिया है।


















