रांची: पिठोरिया थाना क्षेत्र के बाद गांव से लापता युवक शाहबाज कुरेशी (24) का शव रविवार को मुड़हर पहाड़ स्थित जंगल से बरामद किया गया। शाहबाज 15 नवंबर को घर से स्कूटी पर बुकरु गांव जाने का कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उसके पिता जुबैर कुरैशी ने शनिवार को पिठोरिया थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में शाहबाज के साथ दो नाबालिग लड़के थे, जो शुरू में पुलिस को गुमराह करते रहे। बाद में, दोनों नाबालिगों ने घटनास्थल के पास शव को ढूंढ़ने में पुलिस की मदद की। गिरफ्तार आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उनका कहना था कि शाहबाज के पास काफी पैसा था, और लालच में आकर दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और पैसे लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स रांची भेज दिया है।







