Rohtas Development Schemes: रोहतास में CM सम्राट चौधरी का बड़ा प्लान, 400 करोड़ की योजनाओं से बदलेगी तस्वीर!

Rohtas Development Schemes: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। शिवसागर प्रखंड के करूप पंचायत स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में उन्होंने नवनिर्मित खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उनके बनाए विज्ञान मॉडल भी देखे। मुख्यमंत्री ने विद्यालय में कक्षाओं का जायजा लेते हुए पढ़ाई की गुणवत्ता को लेकर छात्रों और शिक्षकों से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने जीविका, कृषि, स्वास्थ्य, ऊर्जा, ग्रामीण विकास और पंचायती राज समेत विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।

मार्च तक सासाराम और औरंगाबाद पहुंचेगा सोन नदी का पानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले मार्च से पहले सासाराम और औरंगाबाद शहरों तक सोन नदी का पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि सोन नदी के पानी के बंटवारे से संबंधित समझौते के बाद बिहार को सोन नदी के पानी का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार भी जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोन नदी का पानी उपलब्ध होने से संबंधित क्षेत्रों में जल आपूर्ति से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

Rohtas Development Schemes 1

रोहतास में बनेगी नई टाउनशिप, पर्यटन को भी बढ़ाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने रोहतास की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में बनने वाली नई टाउनशिप का नाम रोहतास रखा जाएगा। उन्होंने जिले के पर्यटन स्थलों के विकास पर भी जोर दिया। मां ताराचंडी मंदिर, गुप्ता धाम, मां तुतला भवानी धाम, यक्षिणी भवानी धाम और चौरासन धाम जैसे स्थलों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों के विकास के लिए पर्यटन, वन, सिंचाई और जल संसाधन विभाग सहित कई विभाग काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्तमान में इन पर्यटन स्थलों पर करीब 50 हजार लोग पहुंचते हैं। अगले पांच वर्षों में पर्यटकों की संख्या बढ़ाकर कम से कम पांच लाख करने का लक्ष्य रखा गया है।

Rohtas Development Schemes 2

‘सेवा सेतु अभियान’ में 30 दिन की समय-सीमा पर जोर

मुख्यमंत्री ने तीन दिनों तक चलने वाले ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सहयोग शिविर’ का उद्घाटन भी किया। सेवा सेतु अभियान 6 से 8 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जबकि सहयोग शिविर महीने में दो बार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर में मिले किसी आवेदन पर निर्णय देने में संबंधित पदाधिकारी या कर्मचारी 30 दिन की समय-सीमा पार करता है तो उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जीविका दीदियों और अधिकारियों से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का आह्वान किया।

Rohtas Development Schemes 3

रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जीविका समूहों के माध्यम से लगातार काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, वर्ष 2005 में महिलाओं के हाथ में करीब 5,000 करोड़ रुपये का बाजार था, जो अब लगभग 1.36 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि बिहार में करीब 50 लाख लखपति दीदियां बनाई जा चुकी हैं और 40 लाख महिलाओं को पशु सखी के रूप में सशक्त करने का काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य रोजगार और उद्योग के अवसर बढ़ाकर राज्य से होने वाले पलायन को कम करना है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में मॉडल स्कूल और सशक्त विद्यालय जैसी व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करीब 3.5 लाख बच्चे इन व्यवस्थाओं के माध्यम से पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा देने के लिए ‘विद्यार्थी साथी ऐप’ का भी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 तक बिहार में 272 डिग्री कॉलेज थे। इसके बाद 15 जुलाई को 211 प्रखंडों में एक साथ डिग्री कॉलेज खोले गए। इन कॉलेजों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी काम जारी है।

Rohtas Development Schemes 5

मुख्यमंत्री ने राज्य में बिजली, सड़क, सिंचाई और जल निकासी जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की बात कही। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही बनारस-रांची मार्ग के निर्माण के लिए पहाड़ की कटिंग कर सड़क विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, सांसद उपेंद्र कुशवाहा, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, स्नेहलता, आलोक सिंह, बशिष्ठ सिंह, नागेंद्र चंद्रवंशी, राजीव रंजन सिंह और विशाल प्रशांत समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव सह पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, डीजीपी प्रीता वर्मा, शाहाबाद के डीआईजी सत्यप्रकाश, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज समेत कई अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

Jamshedpur Encroachment: सरकारी-लीज जमीन पर कब्जा करने वालों पर सख्ती, 17...

Jamshedpur Encroachment: सरकारी और टाटा स्टील की लीज भूमि से अवैध कब्जे हटाने के लिए मंगलवार को धालभूम अनुमंडल प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस...

Ranchi State Library Fire: फिरायालाल की स्टेट लाइब्रेरी में आग, छात्रों...

Ranchi State Library Fire: फिरायालाल स्थित स्टेट लाइब्रेरी में मंगलवार को अचानक आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। लाइब्रेरी में मौजूद छात्रों...

Supreme Court Judge: अपरेश कुमार सिंह बने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश,...

Supreme Court Judge, रांची: झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश और वर्तमान में तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट का...