रांची: नामकुम थाना क्षेत्र के हहाप पंचायत के मुखिया नन्हे कच्छप को गुरुवार को जमीन विवाद के चलते एक अपराधी ने गोली मार कर घायल कर दिया। यह घटना सुबह साढ़े छह बजे हुई, लेकिन संयोगवश गोली मुखिया के चेहरे (गाल) को छूते हुए निकल गई। घायल मुखिया का इलाज बूटी मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है, और वे अब खतरे से बाहर हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखिया सुबह अपने घर के पास स्थित यूकेलिप्टस बागान में टहल रहे थे, तभी घात लगाए बैठा अपराधी ने उन पर गोली चला दी। गोली मुखिया के गाल को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। इस बीच, मुखिया और अपराधी के बीच झड़प हो गई, और अपराधी ने दूसरी गोली चलाई, जो मिसफायर हो गई। मुखिया के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, लेकिन अपराधी मौके से फरार हो गया।
नामकुम पुलिस को सूचना मिलने पर उन्होंने मुखिया को अस्पताल पहुंचाया। घायल मुखिया ने पुलिस से बताया कि उसे मिनेश नामक व्यक्ति ने गोली मारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल और डीएसपी वन अमर पांडेय भी मौके पर पहुंचे।