Gumla : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आज जिले के RSETI प्रशिक्षण केंद्र, बालिका गृह एवं नारी निकेतन का दौरा किया एवं वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यार्थियों एवं बालिका गृह में रह रही बच्चियों तथा नारी निकेतन की महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
RSETI प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण
उपायुक्त ने RSETI प्रशिक्षण केंद्र में मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे स्वरोजगार को अपनाएं एवं यदि कोई अपना व्यवसाय प्रारंभ करना चाहता है तो जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
Gumla : बालिका गृह का दौरा एवं परामर्श
इसके पश्चात उपायुक्त ने बालिका गृह का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देशित किया कि बालिकाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी शिक्षा एवं विकास के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि बालिका गृह से बाहर जाने के बाद भी प्रशासन का उन पर ध्यान बना रहे, ताकि वे किसी प्रकार की समस्या का सामना न करें।
नारी निकेतन में व्यवस्थाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने नारी निकेतन का भी निरीक्षण किया और वहां रह रही महिलाओं की स्थिति को समझने के लिए उनसे गोपनीय तरीके से बातचीत की। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित किया कि वे अपने स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हों। साथ ही, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इच्छुक महिलाओं को RSETI के माध्यम से विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जाए, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।
इस दौरान उप विकास आयुक्त गुमला, DCLR गुमला, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
गुमला चैनपुर से सुंदरम केसरी की रिपोर्ट–


















