रांची: झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिरकी ने हजारीबाग में मंगला जुलूस के दौरान हुई हिंसा को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड हमेशा से आपसी प्रेम और भाईचारे का राज्य रहा है, लेकिन हाल ही में हुई घटनाएं एक गहरी साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
शिल्पी नेहा तिरकी ने BJP पर साधा निशाना
मंत्री शिल्पी नेहा तिरकी ने कहा, “यह झारखंड है, नागपुर नहीं। इसे नागपुर बनने नहीं दिया जाएगा। BJP हिंदू त्योहारों के नाम पर दंगे-फसाद फैलाकर राष्ट्रपति शासन लागू करना चाहती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता द्वारा चुनी गई सरकार को अस्थिर करने के लिए दंगों की राजनीति कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन लोटस भी झारखंड में काम नहीं करेगा और सत्ताधारी गठबंधन को गिराने की हर साजिश नाकाम होगी। “हम बहुमत से जीते हैं और बीजेपी इसे पचा नहीं पा रही है। वे राष्ट्रपति शासन लागू करने के लिए दंगे करा रहे हैं, लेकिन जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।”
जांच होगी, सख्त कार्रवाई होगी
शिल्पी नेहा तिरकी ने कहा कि राज्य सरकार दंगों की पूरी जांच करवाएगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि झारखंड की जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी और BJP की साजिशों को बेनकाब किया जाएगा।
मंत्री के इन बयानों से राज्य की राजनीति गरमा गई है। अब देखना यह होगा कि इस मुद्दे पर BJP की क्या प्रतिक्रिया आती है और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।


