भागलपुर : भागलपुर के नवगछिया पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नवगछिया पुलिस जिला के टॉप-10 अपराधियों में शामिल और एक लाख के इनामी कुख्यात अपराधी नवीन यादव को हिमाचल प्रदेश के शिमला से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी एसटीएफ और नवगछिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में संभव हो सकी।

नवीन यादव गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव का निवासी हैं – SDPO ओम प्रकाश
आपको बता दें कि प्रेसवार्ता में नवगछिया एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि नवीन यादव गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव का निवासी हैं। बीते पांच वर्षों से फरार चल रहा था। उस पर हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे कुल 13 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह शिमला में एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रहा था और पुलिस की निगाहों से बचने की लगातार कोशिश कर रहा था। नवीन यादव पर अप्रैल 2020 में हुए राजधर यादव हत्याकांड का भी आरोप है। इस जघन्य वारदात में उसकी पत्नी रिंकी देवी के बयान पर गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इस मामले में नवीन यादव के भाई कुख्यात अपराधी छोटू यादव और पिता रामरत्ती यादव को नवगछिया न्यायालय से सजा मिल चुकी है, जबकि नवीन यादव फरार चल रहा था।
यह भी देखें :
अपराधी नवगछिया जिला के लिए एक चुनौती बन चुका था – SDPO
एसडीपीओ ओम प्रकाश ने कहा कि यह अपराधी नवगछिया जिला के लिए एक चुनौती बन चुका था। इसे एसटीएफ की मदद से दबोच लिया गया है। इसके विरुद्ध कई थानों में हत्या और डकैती की प्राथमिकी दर्ज है। यह लंबे समय से पुलिस की नजर से बचता आ रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इससे कई लंबित मामलों के खुलासे में मदद मिलेगी और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को भी बल मिलेगा।
यह भी पढ़े : NCB की टीम ने मुजफ्फरपुर में की रेड, अफीम तस्करी का भंडाफोड़…
राजीव ठाकुर की रिपोर्ट


















