रांची: रांची में सिरमटोली-मेकॉन फ्लाईओवर के रैंप निर्माण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को रैंप निर्माण स्थल के पास स्थित सरना स्थल को बचाने को लेकर एक बार फिर आदिवासी समाज और जिला प्रशासन आमने-सामने आ गए।
पूरे दिन सरना स्थल पर आदिवासी समाज की बैठक होती रही, जिसमें आंदोलन की रणनीति बनाई गई। वहीं दूसरी ओर कई लोग सड़क पर उतरकर रैंप निर्माण का विरोध करते दिखे। प्रशासन की समझाने की कोशिशों के बावजूद लोग नहीं माने और अधिकारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। दोनों पक्षों के बीच नोंकझोंक और बहस की स्थिति बनी रही।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने 1000 से अधिक सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी है और फ्लाईओवर के दोनों ओर की सर्विस रोड को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया है। सिरमटोली चौक से पटेल चौक जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कर सुजाता चौक और स्टेशन रोड की ओर भेजा जा रहा है।
केन्द्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने हातमा सरना स्थल में पत्रकारों से कहा कि सरकार और प्रशासन बंदूक की नोंक पर कार्य करा रही है, जिसे आदिवासी समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और न्याय के लिए अदालत का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।


















