- मोबाइल से बरामद हुए संदिग्ध दस्तावेज, एटीएस की बड़ी कार्रवाई
धनबाद: झारखंड एटीएस ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिज्ब उत तहरीर (HuT) से जुड़े एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अम्मार याशर के रूप में हुई है, जो धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र के शमशेर नगर का रहने वाला है। अम्मार की गिरफ्तारी के साथ ही राज्य में HuT से जुड़े गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अम्मार के मोबाइल फोन से संगठन से जुड़े कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पहले इंडियन मुजाहिदीन से भी जुड़ा था। इस सिलसिले में 2014 में जोधपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जहां वह करीब दस साल तक बंद रहा। मई 2024 में जमानत पर रिहा होने के बाद वह धनबाद लौट आया और यहां आयान जावेद समेत अन्य आरोपियों के संपर्क में आकर हिज्ब उत तहरीर से जुड़ गया।
अम्मार याशर के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इनमें जयपुर एसओजी में 2024 में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए के तहत मामला, 2019 में जयपुर के लालकोठी थाने में कारा अधिनियम के तहत केस और 2014 में प्रतापनगर थाने में प्राथमिकी शामिल है।
एटीएस की इस कार्रवाई से झारखंड में सक्रिय आतंकी नेटवर्क पर एक और बड़ा झटका माना जा रहा है। पुलिस अब उसके संपर्कों और नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।


















