रांची: झारखंड JAC ने मंगलवार को आठवीं बोर्ड परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल राज्य भर से कुल 5,18,023 छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 4,99,972 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 4,71,937 सफल घोषित किए गए। इस प्रकार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 94.39% रहा।
इस साल परीक्षा 10 मार्च 2025 को आयोजित की गई थी। राज्य में कोडरमा जिला ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टॉप स्थान हासिल किया। यहां 13,271 छात्रों ने नामांकन कराया था, जिनमें से 13,023 ने परीक्षा दी और 12,731 सफल रहे। कोडरमा का रिजल्ट 97.76% रहा।
रांची जिला ने इस बार उल्लेखनीय प्रगति की है। पिछले वर्ष राज्य में 21वें स्थान पर रहने वाला यह जिला अब दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। यहां 35,828 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 34,442 पास हुए। उत्तीर्ण प्रतिशत 97.71% रहा, जो कोडरमा से मात्र 0.05% कम है।
रांची जिले में इस बार पहली बार प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी, जो 20 से 22 जनवरी 2025 तक हुई। यह पहल डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशन और डीएसई बादल राज की निगरानी में सफलतापूर्वक हुई थी।
लड़कियों ने मारी बाज़ी
रिजल्ट में छात्राओं ने एक बार फिर बाज़ी मारी है। कुल 2,64,646 छात्राओं में से 2,57,234 ने परीक्षा दी और 2,43,071 पास हुईं। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.49% रहा। वहीं 2,42,700 छात्रों में से 2,28,831 सफल हुए, जो 94.29% रहा।
ट्रांसजेंडर परीक्षार्थियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। 38 में से 35 परीक्षार्थी पास हुए। उनका रिजल्ट 92.11% रहा, जो पिछले वर्ष से थोड़ा बेहतर है।
ग्रेडिंग में उल्लेखनीय प्रदर्शन
हिंदी और अंग्रेजी विषय में अधिकांश छात्र GIC-VIC ग्रेड में रहे।
गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों में 4,097 छात्रों को A+ ग्रेड और 25,070 छात्रों को A ग्रेड मिला।
जैक अध्यक्ष नटवा हांसदा ने अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर रिजल्ट जारी किया। अधिकारियों ने बेहतर प्रदर्शन के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई दी।



















