साहिबगंज: जिले में बाढ़ की स्थिति भयावह होती जा रही है। क्षेत्र के लोगों को बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है । गंगा का जलस्तर रोजाना बढ़ने के कारण पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया है। गंगा नदी के किनारे सटे गांवों और दियारा क्षेत्र पूरा जलमग्न हो गया है। हर तरफ तबाही का मंजर है। उपायुक्त ने जिले के निचले इलाकों को रेड अलर्ट घोषित कर दिया है।
इलाके का जायजा लेने के लिए राजमहल सांसद विजय हांसदा और साहिबगंज उपायुक्त रामनिवास यादव नाव के सहारे बाढ़ में फंसे लोगों से मिले और सभी लोगों को बाढ़ राहत कैंप में जाने का आग्रह किया। सांसद विजय हंसदा ने लोगों से कहा कि साहिबगंज जिले के विभिन्न स्थानों पर बाढ़ राहत शिविर कैंप सरकार के द्वारा खोला गया है वहां लोग शरण ले सकते हैं। सांसद ने लोगों से यह भी अपील की है कि अपने अपने पशु व घर के कीमती सामान को लेकर राहत कैंप में पहुंचे, सरकार आपके लिए हर संभव मदद को तैयार है। इधर सांसद विजय हांसदा ने बाढ़ में फंसे लोगों के बीच राहत सामग्री का पैकेट बनाकर वितरण किया और लोगों से हालचाल जाना।


















