रांची: रांची जिला पुलिस ने 12 जून की रात को अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले भर में छापेमारी अभियान चलाया। ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में गठित 107 पुलिस टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी, जिसके परिणामस्वरूप 121 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
इनमें हत्या, लूट, ठगी, रंगदारी, बलात्कार, पोक्सो एक्ट, चोरी और साइबर क्राइम जैसे संगीन मामलों में शामिल वांछित और वारंटी अपराधी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई में 22 ऐसे अपराधियों ने बेल से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए, जबकि बाकी 100 से अधिक आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों में कई परमानेंट अपराधी भी हैं, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। इस दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सली संगठन से जुड़े रामू लोहरा, पीएलएफआई के सक्रिय सदस्य राहुल कश्यप और वर्ष 2002 से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी राहुल लोहरा को भी पकड़ा है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि यह अभियान पूर्व नियोजित था और अपराध मुक्त समाज की दिशा में पुलिस की यह बड़ी पहल है। लगातार शिकायतों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर इस अभियान को अंजाम दिया गया।
यह एक रात की सबसे बड़ी पुलिस कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे जिले में अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



















