झारखंड में अगले दो हफ्तों तक भारी बारिश की संभावना, तापमान रहेगा सामान्य से कम: मौसम विभाग

रांची:  झारखंड में मानसून सक्रिय हो चुका है और मौसम विभाग ने आगामी दो सप्ताह के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश और सामान्य से कम तापमान का पूर्वानुमान जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची द्वारा गुरुवार को जारी विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार, 20 जून से 26 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में मूसलधार बारिश हो सकती है। इसके बाद 27 जून से 3 जुलाई तक सामान्य वर्षा की संभावना जताई गई है।

बीते सप्ताह झारखंड में एक के बाद एक कई चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ रेखाएं सक्रिय रहीं, जिनका असर प्रदेश के मौसम पर स्पष्ट रूप से देखने को मिला। 16 जून को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने ऊपरी वायुमंडलीय परिसंचरण और 17 जून को दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और गंगेय पश्चिम बंगाल के आसपास बने निम्न दबाव के कारण राज्य में व्यापक वर्षा हुई। 18 जून को जब यह सिस्टम एक सुदृढ़ निम्न दबाव क्षेत्र में परिवर्तित हुआ, तब झारखंड के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।

13 जून से 19 जून के दौरान राज्य में सामान्य से 234% अधिक वर्षा दर्ज की गई। इस सप्ताह के दौरान 19 जिलों में बहुत अधिक (लार्ज एक्सेस) वर्षा, एक जिले में अधिक (एक्सेस), तीन जिलों में सामान्य और एक जिले में कम वर्षा दर्ज की गई। पूरे जून महीने में अब तक राज्य में सामान्य से 103% अधिक बारिश हो चुकी है, जिसे मौसम विभाग ने “लार्ज एक्सेस” श्रेणी में रखा है।

तापमान की बात करें तो बीते सप्ताह राज्य भर में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे या सामान्य के आसपास रहा, जो 34 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे या सामान्य रहा, और यह 23 से 30 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहा।

वर्तमान में 19 जून को सुबह 8:30 बजे तक एक सुदृढ़ निम्न दबाव क्षेत्र पूर्वोत्तर झारखंड और गंगेय पश्चिम बंगाल में सक्रिय है। इससे संबद्ध चक्रवातीय परिसंचरण 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जो धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके अतिरिक्त एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा दक्षिण पंजाब से लेकर दक्षिण असम तक फैली हुई है, जो झारखंड के आसपास सक्रिय परिसंचरण को जोड़ती है।

पूर्वानुमान के अनुसार, 20 जून से 26 जून के दौरान राज्य में आकाश आमतौर पर मेघाच्छादित रहेगा और अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। इस सप्ताह राज्य में सामान्य से काफी अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। इस अवधि में अधिकतम तापमान सामान्य से कम यानी 24 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

दूसरे सप्ताह यानी 27 जून से 3 जुलाई तक राज्य में सामान्य वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। यह तापमान सामान्य से नीचे या सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने और निचले इलाकों में जलजमाव की संभावना को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग का अगला विस्तारित पूर्वानुमान बुलेटिन 26 जून 2025 को जारी किया जाएगा।

Bobby Kumar Asian Games 2026: बिहार के बॉबी कुमार ने रचा...

Bobby Kumar Asian Games 2026, पटना: एशियन गेम्स 2026 में सेपकटकरा की मेंस क्वाड्रेट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर उपलब्धि हासिल करने वाले बिहार...

Leshi Singh Electricity Schemes Review: पटना-नालंदा की बिजली योजनाओं पर लेशी...

Leshi Singh Electricity Schemes Review, पटना: भवन निर्माण विभाग की मंत्री श्रीमती लेशी सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को विश्वेश्वरैया भवन स्थित कार्यालय कक्ष...

Bihar Seva Sankalp Kayakalp: 96 हजार से ज्यादा काम, ₹4,628 करोड़...

Bihar Seva Sankalp Kayakalp, पटना: सरकारी परिसंपत्तियों की स्थिति बेहतर करने और आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चल...