Dhanji Pasi Arrested, रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दरिगांव थाना पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी धनजी पासी उर्फ पप्पू टिकरा उर्फ मगहिया को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, एक दुनाली बंदूक, चार कारतूस और तीन खोखा बरामद किए हैं। आरोपी पर डकैती, हत्या, लूटपाट और चोरी समेत कई आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप है।
डकैती कांड के बाद पुलिस कर रही थी तलाश
पुलिस के अनुसार, बीते 8 नवंबर को धनजी पासी ने एक डकैती कांड को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इसी बीच दरिगांव थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि धनजी पासी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर रोहतास पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और वाराणसी में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई नामों से करता था अपराध
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अपनी पहचान बदलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। कहीं वह धनजी पासी, कहीं पप्पू टिकरा तो कहीं मगहिया के नाम से जाना जाता था। अलग-अलग नामों के इस्तेमाल के कारण उसकी पहचान और तलाश पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा, दुनाली बंदूक, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किए गए हैं।
हत्या, डकैती और लूट समेत कई मामलों में था आरोपी
सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया था। गिरफ्तार अपराधी पर डकैती, हत्या, लूटपाट और चोरी जैसे कई मामलों में संलिप्त होने का आरोप है। उन्होंने बताया कि पुलिस की विशेष टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे वाराणसी से गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट: रवि कुमार
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















