DAV Schools in Bihar Police Lines: बिहार के बच्चों को बाहर जाने की जरूरत नहीं! सम्राट चौधरी ने शिक्षा विस्तार पर बताई सरकार की योजना

बिहार के सभी पुलिस लाइनों में DAV Schools खोलने की योजना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति से इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया।

Google पर 22Scope चुनें
मुख्य बातें
  • बिहार सरकार राज्य की सभी पुलिस लाइनों में DAV Schools खोलने की योजना बना रही है।
  • मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति से इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया है।
  • सरकार स्कूल स्थापना के लिए पहचाने गए स्थानों पर जमीन उपलब्ध कराने को तैयार है।
  • बिहार में अगले एक साल में विक्रमशिला विश्वविद्यालय शुरू हो जाएगा।

DAV Schools in Bihar Police Lines, पटना: बिहार के पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राज्य की सभी पुलिस लाइनों में डीएवी स्कूल खोलने की पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी से बिहार की सभी पुलिस लाइनों में स्कूल खोलने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार चिह्नित स्थानों पर जमीन उपलब्ध कराने को तैयार है। मुख्यमंत्री शनिवार को पटना के बापू सभागार में तीन दिवसीय आठवें डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल-2026 का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। ‘सेलिब्रेटिंग यूनिटी’ थीम पर 28 से 30 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण उच्च और तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे प्रदेशों में नहीं जाना पड़े। इसके लिए बिहार में ही बेहतर शैक्षणिक संस्थानों का विस्तार किया जा रहा है।

सभी पुलिस लाइनों में DAV स्कूल खोलने का आग्रह

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में लगभग डेढ़ लाख पुलिस बल कार्यरत हैं, जिनमें करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी हैं। पुलिसकर्मियों के बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य की सभी पुलिस लाइनों में डीएवी स्कूल खोले जाने चाहिए। उन्होंने डीएवी संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पूनम सूरी से इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार स्कूलों के लिए चिह्नित स्थानों पर जमीन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि डीएवी संस्थान बिहार में अपनी शैक्षणिक गतिविधियों का और विस्तार करे, इसके लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

एक साल में शुरू होगा विक्रमशिला विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि अगले एक साल में विश्वविद्यालय शुरू हो जाए। उन्होंने कहा कि बिहार में नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नालंदा विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक गौरव को फिर से स्थापित करने की दिशा में काम हुआ है। बिहार ज्ञान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास के लिए देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।

एक साथ स्थापित हुए 211 नए डिग्री कॉलेज

सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 1947 से 2026 तक बिहार में कुल 272 डिग्री कॉलेज थे। अब राज्य सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना की है। इन संस्थानों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों में कार्यरत बिहार के शिक्षक वापस अपने प्रदेश आए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य में संचालित बीएड कॉलेजों से भी डिग्री कॉलेज संचालित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की लगभग 62 प्रतिशत आबादी 29 वर्ष से कम उम्र की है। ऐसे में युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए लगभग 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

DAV Schools in Bihar Police Lines 4

700 स्थानों पर मॉडल स्कूल, लाखों बच्चों को लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार के 534 प्रखंडों सहित कुल 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं। इनमें करीब 4.5 लाख बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को हर समय शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने जुलाई में प्राप्त पहली रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि रात एक बजे भी लगभग डेढ़ लाख बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव बताते हुए कहा कि इससे उन परिवारों के बच्चों को विशेष लाभ मिल रहा है, जिन्हें घर पर पढ़ाई में पर्याप्त सहयोग नहीं मिल पाता।

DAV Schools in Bihar Police Lines

उद्योग और आधारभूत संरचना के विकास पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया में हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है। इसके अलावा राज्य में 10 नए हवाई अड्डों के निर्माण की दिशा में भी काम चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में 15 प्रतिशत की ग्रोथ रेट से उद्योगों का विकास हो रहा है और हर साल करीब 9 से 10 हजार नई कंपनियां स्थापित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य में ही ऐसे शैक्षणिक संस्थान विकसित हों, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च और तकनीकी शिक्षा मिल सके।

DAV Schools in Bihar Police Lines 3

DAV संस्थान के 140 वर्षों के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री ने महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों से प्रेरित डीएवी संस्थान के शैक्षणिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 1886 में लाहौर से शुरू हुई डीएवी की शैक्षणिक यात्रा आज देशभर में हजारों संस्थानों तक पहुंच चुकी है। पिछले 140 वर्षों से यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बिहार के लाखों बच्चे भी डीएवी संस्थानों से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। कार्यक्रम में डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. पूनम सूरी ने पुष्पगुच्छ और हरित पौधा भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। समारोह में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, सांसद संजय कुमार झा, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, डीएवी, बीएसईबी के प्राचार्य एसी झा, डीएवी संस्थान के उपाध्यक्ष अजय सूरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और डीएवी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: Child Marriage Free Jharkhand Campaign: बाल विवाह के खिलाफ उठी आवाज, राजधनवार की दो बच्चियों के साहस को मिला सम्मान

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
बिहार सरकार DAV Schools खोलने की योजना क्यों बना रही है?

पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राज्य की सभी पुलिस लाइनों में DAV Schools खोले जाएंगे। बिहार में लगभग डेढ़ लाख पुलिस बल कार्यरत हैं, जिनमें करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी हैं।

सरकार DAV Schools स्थापना के लिए क्या सहायता करेगी?

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार स्कूलों के लिए चिह्नित स्थानों पर जमीन उपलब्ध कराएगी और DAV संस्थान के शैक्षणिक विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

विक्रमशिला विश्वविद्यालय कब तक शुरू हो जाएगा?

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय अगले एक साल में शुरू हो जाए।

बिहार में कितने नए डिग्री कॉलेज स्थापित किए गए हैं?

वर्ष 1947 से 2026 तक बिहार में कुल 272 डिग्री कॉलेज थे, लेकिन राज्य सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना की है।

आज का राशिफल और पंचांग 29 नवंबर 2026: रांची-पटना में राहुकाल,...

आज का राशिफल, 29 नवंबर 2026 (रविवार)। जानिए आज मेष, वृषभ, मिथुन, कर्क, सिंह, कन्या, तुला, वृश्चिक, धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि वालों के लिए करियर, धन, परिवा

Abhishek Bharti Arrest: अभिषेक भारती की गिरफ्तारी पर चतरा में उबाल,...

Abhishek Bharti Arrest, चतरा: पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने चतरा के कचहरी चौक पर प्रदर्शन...

Bihar Sports Infrastructure: ऊर्जा स्टेडियम में बनेगी 10 हजार दर्शकों की...

Bihar Sports Infrastructure, पटना: बिहार में खेल सुविधाओं को विस्तार देने की दिशा में राज्य सरकार ने कई योजनाओं की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री...