रांची : महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा आज झारखंड के कई हिस्सों में बारिश के बीच निकलेगी। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और मॉनसून के अत्यधिक सक्रिय रहने के कारण राज्य के दक्षिणी जिलों में अगले चार दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 27 जून से 30 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं।
रथयात्रा के दिन आज खूंटी, सिमडेगा, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची में भी आज बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होगी।
अगले दिनों का पूर्वानुमान:
28 जून: रांची, कोडरमा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम और हजारीबाग में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी है।
29 जून: रांची, चतरा, हजारीबाग, लातेहार और रामगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि गुमला, सिमडेगा, बोकारो समेत अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
30 जून: गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, लातेहार और हजारीबाग जिलों में तेज बारिश की संभावना है।
वर्षा के आंकड़े:
गुरुवार को सबसे अधिक वर्षा खूंटी में 15 मिमी दर्ज की गई। बोकारो में 8 मिमी, रांची में 5 मिमी और मेदिनीनगर में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं हजारीबाग में पिछले 24 घंटे में 79 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष 1 जून से अब तक राज्य में 283.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत 149.8 मिमी से काफी अधिक है। गुरुवार को बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर पंचायत के ललमटिया गांव में वज्रपात से 57 वर्षीय किसान नागेश्वर महतो की मौत हो गई।