रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित चर्चित आवासीय परियोजना स्वास्तिक हाइट्स में फ्लैट बुकिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में कोतवाली थाना में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता कारोबारी आलोक गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उन्हें फ्लैट बुकिंग का झांसा देकर कुल दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई है। आरोपितों में विजय सारंगी, आदित्य सारंगी, विनय सारंगी, लीला सारंगी, विनोद सारंगी, सुनीता सारंगी और सत्यभामा बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अंशुल सहाय शामिल हैं।
आलोक गुप्ता, जो कि आईटी कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं, ने बताया कि उन्होंने मोरहाबादी स्थित परियोजना स्वास्तिक हाइट्स में फ्लैट संख्या 201, 301 और 302 के लिए चेक के माध्यम से दो करोड़ रुपये का भुगतान किया था। लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ और ना ही उन्हें फ्लैट की सुपुर्दगी दी गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने फ्लैट की मांग की, तो उन्हें बार-बार टालमटोल किया गया और बाद में धमकाने की कोशिश की गई। आलोक गुप्ता ने इसे एक सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र बताया है जिसमें भूमि मालिकों और बिल्डर कंपनी के निदेशकों की मिलीभगत है।
गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि उन्होंने 11 जुलाई 2025 को झारखंड सरकार के JSFO ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी से सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के प्रकाश में आने के बाद स्वास्तिक हाइट्स परियोजना से जुड़े अन्य खरीदारों में भी चिंता और नाराजगी का माहौल है। संभावित खरीदारों में विश्वास की कमी देखी जा रही है, जो रियल एस्टेट सेक्टर में एक गंभीर संकेत है।


















