रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने राज्य के मध्य विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 के लिए 15001 सहायक आचार्य पदों पर नियुक्ति का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में विज्ञान एवं गणित, भाषा और सामाजिक विज्ञान विषयों को मिलाकर कुल 5775 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
हालांकि, इन सफल अभ्यर्थियों में से 1562 पारा शिक्षक हैं, जो पहले से ही विद्यालयों में कार्यरत थे और अब स्थायी शिक्षक बन गए हैं। इस वजह से स्कूलों को वास्तव में सिर्फ 4213 नए शिक्षक ही मिलेंगे। जितने पारा शिक्षक स्थायी बने हैं, उतने पद पारा शिक्षक के रूप में रिक्त हो जाएंगे।
भाषा विषय में पारा शिक्षकों की सफलता दर सबसे कम रही। 7400 आरक्षित पदों में से केवल 1562 पारा शिक्षक परीक्षा पास कर सके। विषयवार परिणाम में सामाजिक विज्ञान में 1169, विज्ञान एवं गणित में 293 और भाषा में मात्र 100 पारा शिक्षक सफल हुए हैं।
राज्य के 10 हजार से अधिक मध्य विद्यालयों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत विज्ञान एवं गणित, भाषा और सामाजिक विज्ञान के एक-एक स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक का होना अनिवार्य है। लेकिन 15001 पदों के लिए परीक्षा होने के बावजूद सभी स्कूलों को आवश्यक संख्या में शिक्षक उपलब्ध नहीं हो पाएंगे।



















