रांची: रांची यूनिवर्सिटी (आरयू) से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। जेपीएससी की अनुशंसा पर आरयू प्रशासन ने तीन शिक्षकों की प्रोन्नति तिथि (Date Shifting) में संशोधन का आदेश जारी किया है। जिन शिक्षकों की प्रोन्नति तिथि बदली गई है, उनमें डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, डॉ. आशीष झा और डॉ. कहकशां परवीन शामिल हैं।
यह फैसला झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद लिया गया है। दरअसल, डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह ने अपनी प्रोन्नति तिथि को लेकर हाई कोर्ट में अवमानना याचिका दायर की थी। कोर्ट ने 31 जनवरी 2024 को अपने आदेश में साफ कहा था कि प्रोन्नति तिथि में संशोधन कर शिक्षकों को सभी लाभ दिए जाएं। इसके बावजूद रांची यूनिवर्सिटी और जेपीएससी ने उनकी प्रोन्नति रद्द कर दी थी।

जेपीएससी की अपील भी खारिज
आरयू और जेपीएससी के इस कदम को चुनौती मिलने के बाद, जेपीएससी ने हाई कोर्ट में एलपीएम (Letters Patent Appeal) भी दायर किया था। लेकिन कोर्ट ने इस अपील को खारिज कर दिया। इसके बाद अब आरयू प्रशासन को मजबूरन प्रोन्नति तिथि में बदलाव का आदेश जारी करना पड़ा है।
कोर्ट ने दिया चार हफ्ते का समय
जस्टिस दीपक रोशन की बेंच ने सुनवाई के दौरान आरयू प्रशासन को आदेश दिया कि चार हफ्ते के भीतर कोर्ट के फैसले को पूरी तरह लागू किया जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि शिक्षकों के वेतन निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट उच्च शिक्षा विभाग को भेजी जाए। अब इस मामले की अगली सुनवाई 19 सितंबर को होगी।
शिक्षकों को मिली बड़ी राहत
इस आदेश के बाद उन शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है, जिनकी प्रोन्नति पहले रद्द कर दी गई थी। अब उन्हें न केवल प्रोन्नति तिथि का लाभ मिलेगा, बल्कि उससे जुड़े वित्तीय और सेवा संबंधी सभी लाभ भी दिए जाएंगे। यूनिवर्सिटी प्रशासन के इस कदम से प्रोन्नति को लेकर लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता खत्म होने की उम्मीद है।
Highlights

















