Dhanbad: सोमवार की देर रात जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के चालीबंगला स्थित वन विभाग कार्यालय के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जामताड़ा से बोकारो जिले के लगुबुरु घंटाबाड़ी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी तीन बसें आपस में टकरा गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार तीनों बसें सोमवार सुबह करीब 9 बजे जामताड़ा जिले के नाला पेट्रोल पंप से रवाना हुई थी। सभी यात्रियों का दल मंगलवार सुबह लगुबुरु पहुंचकर पूजा-अर्चना करने वाला था।
70 से अधिक श्रद्धालु घायल, कई की हालत गंभीर:
हादसे में 70 से अधिक महिला-पुरुष श्रद्धालु घायल हो गए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल लोगों को 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) भेजा गया है। वहीं अन्य मामूली रूप से घायल लोग पास के एक पेट्रोल पंप पर मदद ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सोमवार की रात करीब 12 बजे हुआ, जब तीनों बसें एक-दूसरे से टकरा गई। बसों में ज्यादातर आदिवासी समुदाय के श्रद्धालु सवार थे, जो लगुबुरु में वार्षिक पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे।
“हम सभी गहरी नींद में थे”- महिला यात्री :
घटना की चश्मदीद ने बताया कि जो तीसरी बस में सवार थीं, उन्होंने बताया कि हम सभी गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार टक्कर की आवाज आई और बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। दरवाजा जाम हो गया था, इसलिए हमें सामने का शीशा तोड़कर बाहर निकलना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनकी बस सबसे पीछे चल रही थी और उसने सामने वाली बस को टक्कर मार दी। दूसरी बस भी पीछे से आकर पहली बस से भिड़ गई। जबकि सबसे आगे चल रही तीसरी बस दुर्घटना के बाद मौके से निकल गई।
70 वर्षीय महिला का हाथ टूटा, कई घायल:
हादसे में टाडा निवासी 70 वर्षीय रास मुनि देवी का हाथ टूट गया। इसके अलावा सोनाली हांसदा, बसंती किस्कू, धन टुडू, लूखी मुनि हेंब्रम, बाय हेंब्रम, मंगोली सोरेन, राज देव मरांडी, दीपक मुर्मू सहित तीन दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं से भरी तीन बसें आपस में टकराई – पुलिस ने संभाली स्थिति, NH-19 पर घंटों रहा जाम:
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए कोलकाता-दिल्ली मार्ग (एनएच-19) पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर आवागमन शुरू करवाया। देर रात तक पुलिस और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुटे रहे।
Highlights







