बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत गोरगम्मा पंचायत में पीसीसी सड़क निर्माण में अनियमितता को लेकर भड़के ग्रामीण
बांका : बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत गोरगम्मा पंचायत पीसीसी सड़क निर्माण अनियमितता को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गये हैं।

ग्रामीणों का आरोप टेंडर के नाम पर खानापुर्ति की जा रही है
बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और उच्च अधिकारियों से मामले की जांच की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत लगभग पाँच लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया।

कार्यस्थल पर सूचना पट्ट के हिसाब से नहीं हो रहा काम
कार्यस्थल पर लगाए गए सूचना बोर्ड के अनुसार यह सड़क सिकंदर साह के घर से अमरेंद्र राजहंस के घर तक बनाई जानी थी,लेकिन आरोप है कि संवेदक ने नियमों को ताक पर रखते हुए सजीत साह के घर से खैरो यादव के घर तक ही सड़क बनाकर कार्य को पूर्ण दिखा दिया।
प्रदर्शन कर रहे अमरेंद्र राजहंस, कैलाश बिहारी सिन्हा, जलधर साह, सिकंदर साह, महेश साह, मन्टु साह और गुलचरण साह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सिकंदर साह के घर से अमरेंद्र राजहंस के घर तक की सड़क करीब 25 वर्ष पूर्व बनी थी, जो अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।
ग्रामीणों का आरोप – बुनियादी सुविधाओं का घोर आभाव
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा अब तक न तो नाला निर्माण कराया गया है और न ही अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जर्जर सड़क की वजह से आए दिन लोग गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं।
ग्रामीणों की प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए
और सूचना बोर्ड में अंकित स्थल पर ही पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाए। फिलहाल ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
Also Read : तेतरी बांध में मिला 40 वर्षीय युवक का शव, अमरपुर में सनसनी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दीपक कुमार बांका की रिपोर्ट
Highlights







