Garhwa News: गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में 29 नवंबर 2025 को हुई सनसनीखेज ज्वेलरी लूट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त हथियार, मोटरसाइकिल और लूटा गया सामान बरामद कर लिया है. 29 नवंबर की रात राधा कृष्ण ज्वेलर्स के मालिक दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात तीन अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
Garhwa News: एसपी अमन कुमार ने दी मामले की जानकारी
गढ़वा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी अमन कुमार ने बताया की घटना की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं (Technical & Human Intelligence) के आधार पर जांच तेज की. जांच के दौरान सोनू कुमार की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं. पूछताछ में उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए दो अन्य अपराधियों राजकुमार उर्फ गोलू और रौशन कुमार के नाम उजागर किए.
Garhwa News: 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार, व्यवसायी का बैग और चाबी बरामद कर लिया गया. हथियार को महदेइया जेल के पास छुपाया गया था, जबकि बैग और चाभी रेणुकूट में फेंके गए थे. इस मामले में नगर उंटारी थाना कांड संख्या 184/2025 के तहत समुचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस सफल उद्भेदन में अनुमंडल व जिला स्तर के कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, तकनीकी शाखा और पुलिस जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. गढ़वा पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है.
Highlights


