पटना/दरभंगा : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज यानी एक फरवरी 2026 को 9वीं बार पूर्णकालिक बजट पेश की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सामने संसद भवन में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार 9वीं बार संसद भवन में बजट पेश की। संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कई केंद्रीय मंत्री के साथ-साथ विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे।
BJP के कई नेताओं ने बजट को सराहा
आपको बता दें कि इस केंद्रीय बजट को बिहार के डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी प्रदेश बीजेपी मुख्यालय में सुन रहे थे। वहीं डिप्टी सीएम सह मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुजफ्फरपुर में केंद्रीय बजट को सुन रहे थे। जबकि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा और गयाजी में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी है।
बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भारत के अगले दो-तीन दशकों की दिशा तय करने वाला नीति-दस्तावेज है – ऋतुराज सिन्हा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने केंद्रीय बजट 2026–27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भारत के अगले दो-तीन दशकों की दिशा तय करने वाला नीति-दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि उसका लक्ष्य अल्पकालिक लोकलुभावन खर्च नहीं, बल्कि दीर्घकालिक, टिकाऊ और रोजगारोन्मुख विकास है।

सिन्हा ने कहा- बुनियादी ढांचा, उद्योग, लॉजिस्टिक्स और शहरों का विकास ही भविष्य की आर्थिक मजबूती की कुंजी है
सिन्हा ने कहा कि 12.2 लाख करोड़ के रिकॉर्ड सार्वजनिक पूंजीगत व्यय के माध्यम से सरकार ने यह संकेत दिया है कि बुनियादी ढांचा, उद्योग, लॉजिस्टिक्स और शहरों का विकास ही भविष्य की आर्थिक मजबूती की कुंजी है। शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार को बजट के केंद्र में रखकर युवाओं को ‘लाभार्थी’ नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र-निर्माण का भागीदार’ बनाने की स्पष्ट सोच दिखाई देती है।
बिहार के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 राज्य को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में मजबूती से जोड़ता है
बिहार के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 राज्य को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में मजबूती से जोड़ता है। दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी सहित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से बिहार की कनेक्टिविटी को ऐतिहासिक गति मिलेगी। पटना में इनलैंड वॉटरवेज़ के लिए शिप रिपेयर इकोसिस्टम की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए तकनीकी और औद्योगिक रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह ‘पूर्वोदय’ की भावना को जमीन पर उतारने वाला बजट है।
यह बजट स्पष्ट करता है कि सरकार का उद्देश्य केवल संसाधनों का वितरण नहीं, बल्कि ऐसी मजबूत आधारशिला तैयार करना है – ऋतुराज सिन्हा
अंत में सिन्हा ने कहा कि यह बजट स्पष्ट करता है कि सरकार का उद्देश्य केवल संसाधनों का वितरण नहीं, बल्कि ऐसी मजबूत आधारशिला तैयार करना है जिस पर आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी और समावेशी भारत का निर्माण हो सके। यह बजट आज की जरूरतों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों की आकांक्षाओं को भी ध्यान में रखता है।
देश की तरक्की, प्रगति को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक बजट – केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के द्वारा पेश किए गए बजट की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी सरकार का यह बजट देश के 140 करोड लोगों की जन भावनाओं का प्रतीक है। इस बजट में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास का मूल मंत्र है। देश की बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाला, रोजगार प्रदान करने वाला और विकसित भारत के नीव को मजबूत करने वाला बजट है। नित्यानंद राय ने कहा कि मोदी सरकार के बजट का फोकस डिफेंस सेक्टर, किसानों की आय, क्रिटिकल मिनरल्स, डेटा सेंटर, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और अर्थव्यवस्था पर है। इस बजट से मिडिल क्लास, उद्योग, स्टार्टअप्स और निवेशकों के लिए बहुत कुछ है।

नित्यानंद राय ने कहा- विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में यह बजट मिल का पत्थर साबित होगा
बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और उजियारपुर से लोकसभा सांसद नित्यानंद राय ने कहा कि कि मोदी सरकार ने एक बार फिर से सार्वजनिक परियोजनाओं के लिए 12.2 लाख करोड़ के पूंजीगत व्यय प्रावधान किया है। जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, परियोजनाओं की गति तेज होगी और समग्र बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर का सीधा असर, रोजगार और आवागमन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है जिसका फायदा हर सेक्टर के लोगों को मिलना भी तय है।
मोदी सरकार का बजट देश के 140 करोड लोगों की आर्थिक उन्नति वाला बजट है – नित्यानंद राय
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि यह बजट ऐतिहासिक है और देश के विकास को दिशा देने वाला बजट है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवा सभी वर्गों के कल्याण के लिए इस बजट में प्रावधान किए गए है। देश के किसानों के हितों को खासतौर पर ध्यान में रखा गया है। रेल नेटवर्क के विस्तार और सात बड़े रेल हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का प्रावधान इस बजट में किया गया है। तो दूसरी तरफ वाराणसी से सिलीगुड़ी के बीच एक नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है। इस कॉरिडोर का रूट बिहार से होकर गुजरेगा। इतना ही नहीं यह बजट बिहार को पूर्वी भारत के एक प्रमुख ट्रांसपोर्ट और औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।
नित्यानंद ने PM और वित्त मंत्री को बजट के लिए दी बधाई
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार के लोगो की तरफ से बधाई देते हुए कहा कि कि इस बार के बजट में भी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार को बड़ी सौगात देते हुए पटना में ‘शिप रिपेयर इकोसिस्टम’ विकसित करने का ऐलान किया है। गंगा नदी के किनारे बनने वाले इस केंद्र से अंतर्देशीय जलमार्गों को मजबूती मिलेगी जो जहाजों की मरम्मत स्थानीय स्तर पर होगा और इससे लॉजिस्टिक्स लागत में भी भारी कमी आएगी।
केंद्रीय बजट 2026 विकसित भारत की मजबूत नींव – पूर्व मंत्री जीवेश कुमार
केंद्रीय बजट 2026 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक सह पूर्व मंत्री जीवेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला, समावेशी एवं जनकल्याणकारी है। यह बजट हर वर्ग गरीब, किसान, महिला, युवा, कारीगर, विद्यार्थी और उद्यमी के सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि आयकर स्लैब में कोई बदलाव न कर सरकार ने करदाताओं को स्थिरता का संदेश दिया है। वहीं रिवाइज्ड रिटर्न दाखिल करने की समय-सीमा 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च करना करदाताओं के लिए बड़ी राहत है। नया आयकर अधिनियम एक अप्रैल 2026 से लागू होने और सरल फॉर्म व्यवस्था से कर प्रक्रिया और सहज होगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि कैंसर की 17 जीवनरक्षक दवाओं पर कस्टम ड्यूटी समाप्त करने से इलाज सस्ता होगा – BJP MLA
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि कैंसर की 17 जीवनरक्षक दवाओं पर कस्टम ड्यूटी समाप्त करने से इलाज सस्ता होगा। साथ ही हीमोफिलिया, सिकल सेल और मस्कुलर डिस्ट्रॉफी जैसी सात दुर्लभ बीमारियों की दवाओं को ड्यूटी फ्री किया जाना संवेदनशील निर्णय है। तीन आयुर्वेदिक एम्स और पांच मेडिकल हब की घोषणा स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती देगी। इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर-दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी सहित और अगले पांच वर्षों में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग देश की कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगे। वाराणसी और पटना में जहाज मरम्मत सुविधाओं का विकास पूर्वी भारत के लिए ऐतिहासिक कदम है।
टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास हेतु 12.2 लाख करोड़ के निवेश से शहरी बुनियादी ढांचा मजबूत होगा – जीवेश मिश्रा
उन्होंने बताया कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास हेतु 12.2 लाख करोड़ के निवेश से शहरी बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। शिक्षा क्षेत्र में 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में क्रिएटर लैब युवाओं में नवाचार और कौशल को बढ़ावा देंगी। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल, STEM शिक्षा में लड़कियों को प्राथमिकता तथा लखपति दीदी मॉडल के तहत SHE-Mart की स्थापना से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी।
कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन को आय और रोजगार का सशक्त माध्यम बनाने पर विशेष जोर दिया गया है
उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन को आय और रोजगार का सशक्त माध्यम बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। नारियल प्रोत्साहन योजना, 500 तालाबों और अमृत सरोवरों के विकास से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। हैंडलूम और टेक्सटाइल सेक्टर में नेशनल हैंडलूम पॉलिसी और नेशनल फाइबर स्कीम से कारीगरों को नई पहचान मिलेगी। पर्यटन क्षेत्र में 10 हजार गाइड्स के प्रशिक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। आयुर्वेद और बायोफार्मा क्षेत्र में 10 हजार करोड़ निवेश के साथ भारत को वैश्विक हब बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
यह बजट गरीब कल्याण से लेकर वैश्विक नेतृत्व तक, हर मोर्चे पर भारत को मजबूत करने वाला है – पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा
पूर्व मंत्री ने कहा कि रक्षा बजट में 16 प्रतिशत वृद्धि कर 7,84,678 करोड़ का प्रावधान आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत करेगा। अंत में जीवेश कुमार ने कहा कि यह बजट गरीब कल्याण से लेकर वैश्विक नेतृत्व तक, हर मोर्चे पर भारत को मजबूत करने वाला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस दूरगामी एवं जनहितैषी बजट के लिए बधाई दी।
देश का बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर – बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी
देश के आम बजट को लेकर बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दरभंगा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बजट का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत और ऐतिहासिक कदम है, जो देश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बजट में किसानों की आमदनी बढ़ाने, युवाओं को रोजगार के नए अवसर देने और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई अहम प्रावधान किए गए हैं।

असाध्य बीमारियों की दवाओं की कीमतों में कटौती का निर्णय आम जनता के लिए बड़ी राहत है – संजय सरावगी
उन्होंने कहा कि असाध्य बीमारियों की दवाओं की कीमतों में कटौती का निर्णय आम जनता के लिए बड़ी राहत है और यह केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है। संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री की विशेष नजर बिहार और मिथिला क्षेत्र पर है। प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि यह बजट बिहार के विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि जब देश आगे बढ़ेगा तो बिहार भी आगे बढ़ेगा, और बिना बिहार के विकास के देश का समग्र विकास संभव नहीं है। अंत में उन्होंने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना की।
डॉ. प्रेम कुमार ने इस बजट को बताया ऐतिहासिक बजट, कहा- किसान, युवाओं व महिलाओं के लिए है बजट
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के सभी युवाओं, महिलाएं, किसान और गरीबों के लिए बजट है। युवाओं को रोजगार, महिलाओं के लिए हर जिले में हॉस्टल, किसानों के हित में भी यह बजट है। उन्होंने कहा कि बिहार सहित देश के 140 करोड़ लोगों के लिए यह बजट बहुत ही अच्छा और ऐतिहासिक बजट है। इस बजट में सभी का ख्याल रखा गया है।

यह भी पढ़े : केंद्रीय बजट पेश होने पर सम्राट-विजय ने दी प्रतिक्रिया, कहा- देश व बिहार के लिए ऐतिहासिक निर्णय
अंशु झा, वरुण ठाकुर और आशीष कुमार की रिपोर्ट
Highlights


















