14 अप्रैल को होने वाले जेल भरो आंदोलन एवं पंचायत चुनाव को लेकर होगी बैठक
रांची : 12 अप्रैल को आजसू की बैठक, नियोजन नीति सहित अन्य मुद्दों पर सुदेश महतो करेंगे चर्चा- आजसू पार्टी के
केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में 12 अप्रैल को बैठक होगी.
जिसमें सभी विधानसभा प्रभारी एवं जिला प्रभारी शामिल होंगे.
आजसू की यह बैठक रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय होगी.
बैठक में मुख्य रुप से बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर
14 अप्रैल को आयोजित जेल भरो आंदोलन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी तथा पंचायत चुनाव को लेकर सभी पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा. इसकी जानकारी आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत ने दी.
ये है इनकी मांगे
ज्ञात हो कि आजसू पार्टी सात मांगों को लेकर जेल भरो आंदोलन कर रही है. जिसमें मुख्य रूप से खतियान आधारित स्थानीय एवं नियोजन नीति लागू करने, पिछड़ों को आबादी अनुसार आरक्षण सुनिश्चित करने तथा जातीय जनगणना सुनिश्चित करने, पूर्व में जो जातियां अनुसूचित जनजाति की सूची में थे, उन्हें पुनः अनुसूचित जनजाति में शामिल करने, सरना धर्म कोड लागू करने, बेरोजगारों को रोज़गार देने, झारखण्ड के संसाधनों का लूट बंद करने तथा झारखण्ड आंदोलनकारियों को सम्मान देने की बात शामिल है.
जेल भरो आंदोलन को लेकर सुदेश महतो ने कही ये बातें
जेल भरो आंदोलन को लेकर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि बजट सत्र के दौरान सात मार्च को आजसू पार्टी ने विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा था. हमारे कार्यकर्ताओं, समर्थकों को रोकने तथा विधानसभा घेराव को विफल करने के लिए सरकारी तंत्र ने पूरी ताकत लगा दी. जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए. राजधानी रांची की सड़कें पुलिस छावनी में बदल गई. पार्टी आम-अवाम की आवाज विधानसभा तक पहुंचाने निकली थी. अगर इन आवाज, सवाल से कानून व्यवस्था बिगड़ती है, तो हम सीधे थाने जाकर गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं.
रिपोर्ट : शाहनवाज
Highlights

















