गयाजी : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में गयाजी जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने बिहार पोषक अनाज व मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा स्थित कृषि क्षेत्र का किया भ्रमण
मुख्यमंत्री ने बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा स्थित कृषि क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्प्रिंकलर पद्धति, ड्रिप सिंचाई, मिलेट्स की खेती का निरीक्षण किया। इन पद्धतियों के द्वारा खेतों में उपजाए जा रहे अनाजों के बारे में जानकारी ली। इन पद्धतियों के माध्यम से खेती में कम पानी का उपयोग होता है और फसल का अच्छा उत्पादन होता है। मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में प्रगति के लिए कई कदम उठाए गए हैं। किसानों को इसका लाभ मिल रहा है। सभी फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा स्थित परिसर से ही रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर गया जिले के लिए 367 करोड़ रुपए की लागत से 553 योजनाओं का उद्घाटन एवं 377 करोड़ रुपए की लागत से 140 योजनाओं का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने जिले में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के संबंध में जानकारी ली
मुख्यमंत्री ने जिले में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। इस क्रम में बांके बाजार प्रखंड अंतर्गत बड़की नदी एवं मझियावां नदी पर दो पुल निर्माण कार्य, गया जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंड सह अंचल कार्यालय सह आवासीय भवन का निर्माण, बारा बांध चेकडैम सिंचाई योजना का निर्माण, लावाबार बीयर पईन योजना का प्रारंभ, इमामगंज बाजार से पकरी (झारखंड बॉर्डर) भाया कोठी, सलैया पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, मुफस्सिल मोड़ पर फ्लाईओवर परियोजना का निर्माण, प्रखंड गया सदर के ग्राम दुर्वे में 507 आवासन क्षमतावाले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य आदि कार्यों के संबंध में में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया की सभी कार्यों को तेजी से पूर्ण करें।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों को देखा, जीविका दीदियों के उत्पादों एवं कार्यों को देखा और उसकी सराहना की
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों को देखा। इस दौरान जीविका दीदियों के उत्पादों एवं कार्यों को देखा और उसकी सराहना की। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं की तरक्की के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां आपकी कृपा से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोग ऐसे ही काम करते रहिए और आगे बढ़िए। मुख्यमंत्री ने 13,334 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 609 करोड़ सात लाख रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने हस्तकरघा बुनकरों द्वारा किए जा रहे सूत कटाई कार्य को देखा
मुख्यमंत्री ने हस्तकरघा बुनकरों द्वारा किए जा रहे सूत कटाई कार्य को देखा। मुख्यमंत्री ने मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण विकास, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभुकों से संवाद किया और उन्हें सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा के प्रशासनिक सह प्रशिक्षण भवन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को दी जा रही ट्रेनिंग, उनके आवासन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे किसानों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान गया जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज गयाजी के मायापुर के टनकुप्पा स्थित बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र परिसर में बने कार्यक्रम स्थल पर समृद्धि यात्रा, 2026 के तहत जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान गया जिले के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा- हमारी सरकार ने अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधायें देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। बिहार में उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिए सभी जिलों में सुविधाएं दी जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो।

समृद्धि यात्रा के तहत गया में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज समृद्धि यात्रा के दौरान गयाजी के मायापुर के टनकुप्पा स्थित बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सब जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को पहली बार एनडीए सरकार बनी तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। याद है ना पहले क्या स्थिति थी? पहले बहुत बुरा हाल था? लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। समाज में कितना विवाद होता था। कितना हिन्दू-मुस्लिम झगड़ा होता था? पढ़ाई का क्या हाल था? बहुत कम बच्चे पढ़ते थे। बहुत कम पढ़ाई होती थी। पहले इलाज का पूरा इंतजाम नहीं था। सडकें बहुत कम थीं और जो थीं उनका बुरा हाल था। बिजली बहुत कम जगह थी। अब किसी प्रकार के डर एवं भय का वातावरण नहीं है। राज्य में प्रेम, भाईचारा एवं शांति का माहौल है। पहले कितना हिन्दू-मुस्लिम झगड़ा होता था, इसलिए वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तान की घेराबंदी शुरू की गयी है। बड़े पैमाने पर कब्रिस्तानों की घेराबंदी की जा चुकी है। अब कोई झगड़ा झंझट नहीं होता है।


CM नीतीश के साथ केंद्रीय मंत्री डिप्टी सीएम, विधानसभा अध्यक्ष, कई मंत्री व कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मगध प्रमंडल की आयुक्त सफीना एएन, मगध प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, गयाजी जिला के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और गयाजी जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।


आशीष कुमार की रिपोर्ट


