झारभूमि पोर्टल का सर्वर 7 और 8 मई को मेंटेनेंस के कारण बंद रहेगा। रजिस्ट्री और म्यूटेशन सेवाएं प्रभावित होंगी, 9 मई दोपहर बाद सेवाएं बहाल होंगी।
Jharbhumi Portal Update रांची: झारखंड में जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री से जुड़ी सेवाओं का उपयोग करने वाले लोगों के लिए अहम खबर है। राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने जानकारी दी है कि झारभूमि पोर्टल का सर्वर 7 और 8 मई 2026 को मेंटेनेंस कार्य के कारण बंद रहेगा। इस दौरान रजिस्ट्री, म्यूटेशन और अन्य ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहेंगी। विभाग के अनुसार 9 मई को दोपहर 12 बजे के बाद सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी।
हालांकि बुधवार को सर्वर सामान्य रहने के कारण राज्यभर में 1300 से अधिक रजिस्ट्री का काम सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इसके बावजूद पिछले कई दिनों से लगातार तकनीकी दिक्कतों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Jharbhumi Portal Update:मैक आईडी और आईपी एड्रेस अपडेट का चल रहा काम
विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार जिला स्तर के राजस्व कार्यालयों में उपयोग किए जा रहे डेस्कटॉप और लैपटॉप के मैक आईडी तथा आईपी एड्रेस को झारनेट फायरवॉल से मैप किया जा रहा है। इसी तकनीकी प्रक्रिया के चलते सर्वर को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह अपडेट सिस्टम की सुरक्षा और सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि भविष्य में पोर्टल अधिक सुचारु रूप से काम कर सके।।
Key Highlights
7 और 8 मई को बंद रहेगा झारभूमि पोर्टल का सर्वर
रजिस्ट्री और म्यूटेशन सेवाएं रहेंगी प्रभावित
9 मई दोपहर 12 बजे के बाद सेवाएं होंगी बहाल
राज्यभर में बुधवार को 1300 से अधिक रजिस्ट्री हुई
तकनीकी अपडेट और फायरवॉल मैपिंग का चल रहा काम
Jharbhumi Portal Update:29 अप्रैल से चल रहा है सर्वर अपडेट का काम
जानकारी के मुताबिक झारभूमि पोर्टल के सर्वर अपडेट का कार्य 29 अप्रैल से जारी है। पहले यह प्रक्रिया 4 मई तक पूरी होने वाली थी, लेकिन तकनीकी कारणों से इसमें देरी हो गई।
5 मई को भी सर्वर दिनभर बंद रहा और शाम के समय सेवाएं शुरू हो सकीं। वहीं 6 मई को कुछ समय के लिए रजिस्ट्री का काम हुआ, लेकिन शाम होते ही सर्वर फिर ठप हो गया। लगातार आ रही तकनीकी बाधाओं के कारण लोगों के काम प्रभावित हो रहे हैं।
Jharbhumi Portal Update:रजिस्ट्री नहीं होने से लोगों की बढ़ी परेशानी
सर्वर समस्या के चलते जमीन और फ्लैट की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों को पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। राजधानी रांची में प्रतिदिन 150 से अधिक लोग रजिस्ट्री के लिए पहुंचते हैं, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण कई मामलों में देरी हुई है।
लोगों का कहना है कि बार-बार सर्वर डाउन होने से समय और पैसे दोनों का नुकसान हो रहा है। कई लोग दूर-दराज के इलाकों से रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन काम नहीं हो पाने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है
Highlights







