मुजफ्फरपुर : हम लोगों के लिए गर्व की बात है कि ऐसी बेहतरीन पर्यटन परियोजना हमारे शहर में बनाई गई है। इस तरह की शानदार व्यवस्था के लिए मुजफ्फरपुर को चुने जाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। यह मुजफ्फरपुर निवासी कृष्णा केडिया का कहना है। कृष्णा केडिया की तरह हजारों मुजफ्फरपुर वासी सिकंदरपुर लेक फ्रंट को लेकर काफी उत्साहित और खुश हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 213 करोड़ की लागत से तैयार सिकंदरपुर लेक फ्रंट का उद्घाटन किया
दरअसल, 12 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 213 करोड़ रुपए की लागत से तैयार सिकंदरपुर लेक फ्रंट का उद्घाटन किया। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकसित सिकंदरपुर लेक फ्रंट अब आम लोगों के लिए पर्यटन और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। यह परियोजना शहर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ उत्तर बिहार के लोगों को एक आधुनिक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध करा रही है।
जहां कभी थी गंदगी, आज वहीं बस रही रौनक
आपको बता दें कि वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था और हरियाली से सिकंदरपुर लेक फ्रंट का सौंदर्यीकरण किया गया है। इसके अलावा नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का भी विकास किया गया है। जिसमें एक सामुदायिक भवन की स्थापना की गई है, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक एवं औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। वहीं बच्चों व युवाओं के लिए गेमिंग जोन भी बनाया गया है। सिकंदरपुर लेक फ्रंट में सबसे ज्यादा आकर्षित करता है परिसर में बना आधुनिक बोटिंग क्लब, जहां आगन्तुक सुरक्षित वातावरण में नौकायन का आनंद ले सकेंगे।
स्मार्ट कियोस्क पर बिहारी व्यंजन, स्थानीय खाद्य-सामग्री, पेय, स्नैक्स का मजा ले सकेंगे
साथ ही स्मार्ट कियोस्क पर बिहारी व्यंजन, स्थानीय खाद्य-सामग्री, पेय, स्नैक्स का मजा ले सकेंगे। कुल 131 एकड़ में फैला हुआ प्रसिद्ध सिकंदरपुर झील तीन अलग-अलग हिस्सों में विभाजित है। लेक-1, मुजफ्फरपुर क्लब के पीछे स्थित है। लेक-2, मरीन ड्राइव के पास स्थित है। वहीं लेक-3 आरएस कॉलेज व दाउदपुर कोठी के पीछे स्थित है। मुजफ्फरपुर का यह बदला हुआ स्वरूप नए बिहार की कहानी है, जो शहरीकरण और पर्यटन को एक नई पहचान दे रही है।
क्या कहते हैं स्थानीय लोग
स्थानीय निवासी कैलाश प्रसाद ने कहा कि पहले दोनों तरफ गंदगी हुआ करती थी और अब लोग बाहर से देखने के लिए आ रहे हैं। यह शहर की खूबसूरत पहचान बन चुकी है। आगे इसको मेंटेन करके रखने से और बेहतर होगा। वहीं संदीप कुमार ने कहा कि यह स्मार्ट बिहार का स्मार्ट मुजफ्फरपुर है। लेक फ्रंट का नजारा इस समय शहरवासियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। धूप सेंकने, शाम को टहलने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए काफी बेहतरीन जगह है।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री ने कहा- मुजफ्फरपुर में की जाएगी आर्किटेक्चर व सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना
Highlights


















