Jairam Mahato Controversy: जयराम महतो और थाना प्रभारी विवाद में नया मोड़, कथित गाली-गलौज का ऑडियो वायरल

Jairam Mahato Controversy: जेएलकेएम प्रमुख और डुमरी विधायक जयराम महतो का बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित गाली-गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह व्हाट्सएप कॉल की रिकॉर्डिंग है, जिसे दूसरे मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, वायरल ऑडियो-वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। बताया गया है कि इसी थाने में विधायक के खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज है और उसी एफआईआर में इस मामले को भी जोड़ा गया है। इसमें पहले से 50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

समर्थक की गिरफ्तारी को लेकर फोन करने का आरोप

थाना प्रभारी की शिकायत के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 8:09 बजे वह थाने में काम कर रहे थे। इसी दौरान विधायक जयराम महतो का व्हाट्सएप कॉल आया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विधायक ने अपने समर्थक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने और उसकी गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जतायी। थाना प्रभारी के अनुसार, जब उन्होंने मामले की जानकारी देने का प्रयास किया, तो कथित तौर पर विधायक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत में वर्दी उतरवाने और सरकार बदलने के बाद देख लेने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

धनबाद पुलिस में नाराजगी

मामले को लेकर धनबाद पुलिस मेंस एसोसिएशन भी बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के समर्थन में सामने आया है। एसोसिएशन ने कार्रवाई की मांग करते हुए नाराजगी जतायी है। एसोसिएशन का कहना है कि पुलिसकर्मी जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, लेकिन गलत का समर्थन नहीं करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। इस घटना को लेकर पुलिसकर्मियों में नाराजगी बतायी जा रही है।

विधायक समेत 10 नामजद, 50 अज्ञात पर केस

थाना प्रभारी की ओर से दर्ज एफआईआर में जयराम महतो के अलावा सुशील मंडल, दिलीप चौधरी, राजकुमार मंडल, जीतेंद्र हजारी, अजय दास, गोलक कुमार महतो, रंजीत कुमार साव, राजेश महतो, महेंद्र साव और त्रिपुरी पांडेय को नामजद किया गया है। इसके अलावा 50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। विवाद की शुरुआत बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के कथित फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र तैयार करने के आरोप में जेएलकेएम नेता गणेश दास को हिरासत में लिये जाने के बाद हुई बतायी जा रही है। इसके बाद बरवाअड्डा थाना परिसर में पुलिस और विधायक समर्थकों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी।

विधायक पर मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप

मामले में मुखिया के बेटे प्रदीप कुमार रजक की ओर से भी शिकायत दर्ज करायी गयी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 21 अगस्त की रात वह अपने पिता से मिलने बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद विधायक जयराम महतो ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और गला दबाने का प्रयास किया। उन्होंने विधायक के समर्थकों पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। वहीं, घटना के बाद विधायक और मुखिया पक्ष की ओर से अलग-अलग शिकायतें दिये जाने की बात सामने आयी है।

जयराम महतो ने आरोपों को बताया साजिश

वहीं, जयराम महतो ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। विधायक का कहना है कि वह जेएलकेएम नेता गणेश दास के साथ कथित पुलिसिया बर्बरता की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। जयराम महतो ने दावा किया कि थाने में उन्हें घेरकर जान से मारने का प्रयास किया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। विधायक के अनुसार, थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों और मौके पर मौजूद पत्रकारों के वीडियो फुटेज से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

विधायक ने भी दर्ज कराया मामला

जयराम महतो ने भी बरवाअड्डा थाने में आवेदन देकर कई लोगों पर हमला, मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, प्रदीप रजक, तारकेश्वर रजक, दिनेश रजक समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया। विधायक ने अपने समर्थक सुशील मंडल के साथ मारपीट करने तथा सोने की चेन और नकदी छीनने का भी आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद मामला पुलिस जांच के दायरे में है।

यह भी पढ़ें: Chatra Police Encounter: पिपरवार में सुबह-सुबह एनकाउंटर, पुलिस की गोली से राहुल दुबे गैंग का अपराधी घायल

Chatra Police Encounter: पिपरवार में सुबह-सुबह एनकाउंटर, पुलिस की गोली से...

Chatra Police Encounter: जिले के पिपरवार इलाके में मंगलवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई...

JPSC JSSC Protest: 21 अगस्त के बवाल में 15 छात्र नेताओं...

 JPSC JSSC भर्ती परीक्षा विवाद को लेकर 21 अगस्त के बवाल में 15 छात्र नेताओं पर FIR दर्ज हुई है। मंच ने पुलिस की...

Jharkhand Property Tax: नगर निकायों में टैक्स वसूली ठप, 2500 कर्मचारी...

झारखंड के नगर निकायों में मंगलवार से प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और ट्रेड लाइसेंस फीस की वसूली ठप हो जायेगी। करीब 2500 कर्मचारी...