Patna Food Safety Raid: आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग ने 10 अक्टूबर 2026 को राजधानी पटना में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। एस.पी. वर्मा रोड स्थित पिस्ता हाउस और पाइरेट्स ऑफ ग्रिल समेत अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आईं। कार्रवाई के तहत खाद्य सामग्री जब्त की गई, एक्सपायरी मसालों को नष्ट किया गया और विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
पिस्ता हाउस में ड्राइड फ्रूट्स जब्त, एक्सपायरी मसाले नष्ट
पिस्ता हाउस के निरीक्षण के दौरान 15 किलोग्राम ड्राइड चेरी, 42 किलोग्राम ड्राइड पाइनएप्पल, 32 किलोग्राम ड्राइड जिंजर और 7.5 किलोग्राम डेट्स पेस्ट जब्त किया गया। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 56,400 रुपये बताया गया है। डेट्स पेस्ट की ब्रांडिंग में अनियमितता पाई गई। इसके अलावा, आयातित खाद्य पदार्थों पर आवश्यक विवरण अंकित नहीं होने की कमी भी सामने आई। निरीक्षण के दौरान 66 पैकेट एमडीएच तंदूरी मसाला और 51 पैकेट एमडीएच गरम मसाला एक्सपायरी पाए गए। इनकी कीमत क्रमशः 6,468 रुपये और 5,559 रुपये बताई गई है। एक्सपायरी होने के कारण दोनों तरह के मसालों को नष्ट कर दिया गया।

पाइरेट्स ऑफ ग्रिल में मसाले जब्त, सुधार के निर्देश
एस.पी. वर्मा रोड स्थित पाइरेट्स ऑफ ग्रिल में जांच के दौरान 5 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर, 5 किलोग्राम धनिया पाउडर और सोंठ पाउडर के तीन पैकेट जब्त किए गए। उपलब्ध विवरण के अनुसार, इनकी कीमत क्रमशः 62,500 रुपये, 4,500 रुपये और 1,050 रुपये दर्ज की गई है। निरीक्षण में रसोई की जल निकासी व्यवस्था में पानी जमा होने और फ्रीजर में शाकाहारी तथा मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखे जाने की कमी पाई गई। बिल पर एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण संख्या अंकित नहीं होने की बात भी दर्ज की गई। प्रतिष्ठान के ऑटो-जेनरेटेड निरीक्षण प्रतिवेदन में 116 में से 112 अंक यानी 97 प्रतिशत प्राप्त होने का उल्लेख है। रिपोर्ट में प्रतिष्ठान को अनुपालन की श्रेणी में रखा गया। इसके बावजूद खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, जल निकासी व्यवस्था सुधारने और मापने वाले उपकरणों का कैलिब्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रतिवेदन में सुधार नोटिस जारी करने की अनुशंसा भी की गई है।
वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों को अलग रखने में मिली कमी
पिस्ता हाउस के निरीक्षण के दौरान शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखने की कमी सामने आई। इसके अलावा फ्रीजर में पर्याप्त रोशनी नहीं होने, कीट नियंत्रण की व्यवस्था और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने जैसी समस्याएं दर्ज की गईं। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने के साथ-साथ जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था में सुधार की जरूरत भी बताई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप भंडारण और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बर्गर सिंह हाउस समेत अन्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
विशेष जांच अभियान के दौरान एस.पी. वर्मा रोड स्थित बर्गर सिंह हाउस सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। बर्गर सिंह हाउस से इमल्सीफाइड सॉस यानी फ्राइज डिप और मेयोनेज़ के नमूने संग्रहित किए गए। अभियान में धनिया पाउडर, सोंठ पाउडर, बादाम, पनीर और लाल मिर्च पाउडर समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए। पिस्ता हाउस से ड्राइड चेरी, ड्राइड पाइनएप्पल, ड्राइड जिंजर, डेट्स पेस्ट और खुली किशमिश के नमूने संग्रहित किए जाने का विवरण है। इन नमूनों को गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। खाद्य संरक्षा अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, रसोई की स्वच्छता और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विभाग के अनुसार, सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण और नमूना जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।


















