SNMMCH HIV Positive Pregnant Woman: धनबाद SNMMCH में HIV रिपोर्ट पर बड़ा सवाल, सिजेरियन के बाद मचा हड़कंप

SNMMCH HIV Positive Pregnant Woman: धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के गायनी विभाग में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि HIV पॉजिटिव एक प्रसूता की दोबारा जांच में रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसका सिजेरियन ऑपरेशन कर दिया गया। इसके बाद उसी ऑपरेशन थिएटर (OT) में चार अन्य प्रसूताओं के भी ऑपरेशन किए गए। बाद में प्रसूता की दोबारा HIV जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SNMMCH अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं।

सदर अस्पताल से SNMMCH रेफर हुई थी प्रसूता

जानकारी के अनुसार, बैंक मोड़ क्षेत्र की रहने वाली प्रसूता को प्रसव पीड़ा के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने सिजेरियन डिलीवरी की संभावना को देखते हुए अन्य जांचों के साथ महिला का HIV टेस्ट भी कराया। जांच में महिला के HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। बताया गया कि सदर अस्पताल में आवश्यक सेफ्टी किट उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद महिला को सिजेरियन डिलीवरी के लिए SNMMCH रेफर किया गया। SNMMCH पहुंचने के बाद प्रसूता को गायनी विभाग में भर्ती कराया गया। ऑपरेशन से पहले क्लिनिकल पैथोलॉजी में महिला की दोबारा HIV जांच कराई गई। यहां उसकी रिपोर्ट निगेटिव बताई गई।

निगेटिव रिपोर्ट के आधार पर हुआ सिजेरियन

बताया जा रहा है कि क्लिनिकल पैथोलॉजी की निगेटिव रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टरों ने महिला का सिजेरियन ऑपरेशन किया। आरोप है कि HIV संक्रमण की पहले की रिपोर्ट पॉजिटिव होने के बावजूद ऑपरेशन के दौरान आवश्यक सावधानी और सेफ्टी किट के इस्तेमाल को लेकर चूक हुई। ऑपरेशन के बाद उसी OT में चार अन्य प्रसूताओं के भी सिजेरियन ऑपरेशन किए गए। बाद में जब महिला का सैंपल दोबारा ICTC में HIV जांच के लिए भेजा गया, तो रिपोर्ट फिर पॉजिटिव आई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया और पूरे मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई।

HIV जांच किट को लेकर भी उठे सवाल

SNMMCH में HIV जांच के लिए अलग-अलग स्तर पर किट उपलब्ध होने की जानकारी सामने आई है। अस्पताल के ICTC यानी इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर में NACO की ओर से HIV जांच किट उपलब्ध कराई जाती है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने अपने स्तर पर भी HIV जांच किट खरीदी है, जिसका इस्तेमाल क्लिनिकल पैथोलॉजी लैब में किया जाता है। आरोप है कि अस्पताल की ओर से खरीदी गई किट से पहले भी HIV जांच की रिपोर्ट को लेकर गड़बड़ी की शिकायत सामने आ चुकी है। हालांकि, मौजूदा मामले में रिपोर्ट में अंतर क्यों आया और इसकी वास्तविक वजह क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए गए

महिला की ICTC में दोबारा जांच के बाद HIV पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर उसके परिवार के सदस्यों की भी जांच कराई जा रही है। महिला के पति, सास-ससुर और माता-पिता के सैंपल लिए गए हैं। अब सभी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस बीच ऑपरेशन से जुड़े पूरे घटनाक्रम और अस्पताल में इस्तेमाल की गई HIV जांच किट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

अधीक्षक ने जांच के दिए आदेश

SNMMCH अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार गिंदौड़िया ने बताया कि HIV पॉजिटिव प्रसूता के ऑपरेशन की जानकारी मिली है। उन्होंने गायनी विभाग के इंचार्ज को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। अधीक्षक के अनुसार, प्रसूता के पति ने महिला के HIV पॉजिटिव होने की जानकारी छिपाई थी। उन्होंने कहा कि किन परिस्थितियों में सिजेरियन किया गया और प्रक्रिया के दौरान कहां चूक हुई, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि रिपोर्ट में अंतर की वजह क्या थी और ऑपरेशन की प्रक्रिया में किस स्तर पर लापरवाही हुई।

यह भी पढ़ें: Babulal Marandi Journalist Entry: रिम्स से सदर अस्पताल तक पत्रकारों की एंट्री पर घमासान, बाबूलाल ने सरकार को घेरा

Patna Food Safety Raid: पटना के पिस्ता हाउस और पाइरेट्स ऑफ...

Patna Food Safety Raid: आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग ने 10 अक्टूबर 2026 को...

Manpur Patwatoli Weavers: बिहार के बुनकरों को मिलेगी नई सुविधा! मानपुर...

Manpur Patwatoli Weavers: बिहार के प्रसिद्ध वस्त्र निर्माण केंद्र मानपुर पटवाटोली में बुनकरों और पावरलूम उद्योग को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में...

Bihar Seva Sankalp Competition: बिहार के विद्यार्थी बने देश में अव्वल!...

Bihar Seva Sankalp Competition, पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को पटना के बापू सभागार में...