रांची की पंडरा थोक मंडी में प्याज के भाव में दो रुपये किलो की गिरावट आयी है। वहीं लहसुन और अदरक महंगे हुए हैं, जबकि आलू की कीमत स्थिर है।
Ranchi Onion Price रांची: रांची के पंडरा स्थित थोक मंडी में प्याज की कीमत में बुधवार को दो रुपये किलो तक की गिरावट दर्ज की गयी। बढ़िया प्याज 45 से 46 रुपये किलो बिका, जबकि मंगलवार को इसका थोक भाव 46 से 48 रुपये किलो था। व्यापारियों के अनुसार सरकार की ओर से बाजार में प्याज का स्टॉक जारी किए जाने की सूचना के बाद कीमत में नरमी आयी है।
फिलहाल रांची की मंडी में महाराष्ट्र के नासिक और अहमदनगर तथा मध्यप्रदेश के इंदौर से प्रतिदिन आठ से 10 ट्रक प्याज पहुंच रहा है। पहले 15 से 20 ट्रक प्याज की आवक होती थी। महंगे भाव और सावन के महीने के कारण मांग में कमी भी प्याज की कीमत पर असर डाल रही है।
Ranchi Onion Price:शुरुआती अगस्त से प्याज की कीमत में बड़ा उछाल
मंडी में बुधवार को मध्यम किस्म का प्याज 42 से 44 रुपये किलो और छोटा तथा निम्न किस्म का प्याज 30 से 35 रुपये किलो बिका। शुरुआती अगस्त में बढ़िया प्याज की कीमत 25 से 30 रुपये किलो थी। इस लिहाज से महीने की शुरुआत की तुलना में अभी प्याज काफी महंगा है।
खुदरा बाजार में प्याज 50 से 55 रुपये किलो बिक रहा है। व्यापारियों का कहना है कि अगले महीने आंध्र प्रदेश से नया प्याज आने के बाद कीमत में कुछ और गिरावट की संभावना है।
Key Highlights
पंडरा थोक मंडी में बढ़िया प्याज 45 से 46 रुपये किलो बिका।
खुदरा बाजार में प्याज की कीमत 50 से 55 रुपये किलो है।
लहसुन का थोक भाव 110 से 180 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
अदरक 140 से 150 रुपये किलो बिक रहा है।
आलू की कीमत फिलहाल स्थिर है और रोजाना 20 से 25 ट्रक की आवक हो रही है।
Ranchi Onion Price:लहसुन और अदरक के भाव में तेजी
पंडरा थोक मंडी में लहसुन की कीमत में तेजी देखी जा रही है। फूल लड्डू किस्म का लहसुन 170 से 180 रुपये किलो, मीडियम लहसुन 130 से 140 रुपये और छोटा लहसुन 110 से 115 रुपये किलो बिक रहा है।
व्यापारियों के अनुसार जून के आखिरी सप्ताह तक लहसुन की कीमत 90 से 160 रुपये किलो के बीच थी। फिलहाल मध्यप्रदेश और राजस्थान से रोजाना एक से दो ट्रक लहसुन रांची पहुंच रहा है।
अदरक भी महंगा हुआ है। थोक मंडी में इसकी कीमत 140 से 150 रुपये किलो है। जून के आखिरी सप्ताह में अदरक 110 से 120 रुपये किलो बिक रहा था। महाराष्ट्र और ओडिशा से अदरक की आवक हो रही है।
Ranchi Onion Price:सितंबर में अदरक सस्ता होने की उम्मीद
व्यापारियों के अनुसार सितंबर में स्थानीय नया अदरक बाजार में आने के बाद कीमत में गिरावट हो सकती है। फिलहाल लोकल नया अदरक कच्चा होने के कारण कम मात्रा में उपलब्ध है और ज्यादा टिकाऊ नहीं है। कारोबारियों को उम्मीद है कि करीब एक महीने में आपूर्ति की स्थिति बेहतर हो सकती है।
खुदरा बाजार में लहसुन और अदरक 40 से 50 रुपये पाव की दर से बिक रहा है। वहीं आलू की कीमत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। थोक मंडी में सादा आलू सात से आठ रुपये किलो, लाल अल्टीमेटम आलू 13 से 14 रुपये और लाल गोल आलू 10 से 11 रुपये किलो बिक रहा है। बंगाल और उत्तर प्रदेश से रोजाना 20 से 25 ट्रक आलू रांची पहुंच रहा है।


















