Bihar NSD Campus: बिहार में खुलेगा NSD कैंपस, युवा कलाकारों को राज्य में ही मिलेगा प्रोफेशनल अभिनय प्रशिक्षण

Bihar NSD Campus: बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (National School of Drama) के नए कैंपस की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने बिहार में NSD कैंपस स्थापित करने को सहमति दे दी है। इस फैसले पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में NSD कैंपस की स्थापना से राज्य के युवा कलाकारों को अभिनय, रंगमंच और प्रदर्शन कला के क्षेत्र में राज्य के भीतर ही बेहतर प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे। इससे कलाकारों को पेशेवर प्रशिक्षण हासिल करने के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने की जरूरत कम होगी।

बिहार सरकार उपलब्ध कराएगी जमीन

NSD कैंपस की स्थापना के लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश भी बिहार सरकार वहन करेगी। राज्य सरकार की ओर से संस्थान की स्थापना के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया और सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई है। सरकार का उद्देश्य कैंपस की स्थापना का काम जल्द आगे बढ़ाना है।

अभिनय और स्टेजक्राफ्ट की मिलेगी ट्रेनिंग

मुख्यमंत्री के अनुसार, NSD कैंपस शुरू होने के बाद बिहार के युवा कलाकारों को पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण के साथ स्टेजक्राफ्ट, प्रदर्शन कला और उन्नत शोध के अवसर मिलेंगे। इससे राज्य में मौजूद युवा प्रतिभाओं को अपनी कला को बेहतर तरीके से विकसित करने के लिए संस्थागत मंच मिलेगा। साथ ही बिहार की पारंपरिक लोक नाट्य विधाओं और आधुनिक रंगमंच के बीच बेहतर समन्वय की संभावना भी बनेगी।

बिहार की नाट्य परंपरा को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत काफी समृद्ध रही है। कालिदास, रामवृक्ष बेनीपुरी और भिखारी ठाकुर जैसी विभूतियों ने कला और साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राज्य की लोक नाट्य और प्रदर्शन कलाओं की भी अपनी विशिष्ट परंपरा रही है। उनके मुताबिक, बिहार में NSD कैंपस की स्थापना से राज्य की इस सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की संभावना है। यह संस्थान युवा कलाकारों को आधुनिक प्रशिक्षण देने के साथ बिहार की पारंपरिक कलाओं के संरक्षण और विकास में भी योगदान दे सकता है।

बिहार संगीत नाट्य अकादमी के प्रयासों को भी मिलेगा बल

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार सरकार ने नाट्य कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और समन्वय के लिए बिहार संगीत नाट्य अकादमी की स्थापना की है। NSD कैंपस की स्थापना से राज्य में रंगमंच और प्रदर्शन कला के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने NSD कैंपस को केवल एक नए संस्थान की स्थापना नहीं, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत, युवा प्रतिभाओं और आधुनिक रंगमंच के भविष्य में निवेश बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से यह संस्थान बिहार को राष्ट्रीय रंगमंच के क्षेत्र में और मजबूत पहचान दिलाने में मदद करेगा।

Jio IPO 2026: खुलने से पहले ₹2.5 लाख करोड़ की मांग,...

Jio IPO 2026 के लिए संस्थागत निवेशकों ने ₹2.5 लाख करोड़ की शुरुआती मांग दिखाई। आईपीओ 21 से 23 अक्टूबर तक खुलेगा, जानें प्राइस...

NEET PG 2026 Counselling: झारखंड में पीजी मेडिकल एडमिशन का शेड्यूल...

 झारखंड में NEET PG 2026 के तहत MD, MS, डिप्लोमा और DNB सीटों पर दाखिले के लिए 21 से 25 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन...

JSSC Assistant Jailor Recruitment 2025: 84 पदों के लिए 56,304 अभ्यर्थियों...

झारखंड में सहायक कारापाल के 84 पदों पर भर्ती के लिए 56,304 अभ्यर्थियों की शारीरिक मापदंड और दक्षता परीक्षा 28 अक्टूबर से 13 नवंबर...