Ramgarh SIR 2026 Voter List: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2026 (SIR) के तहत संचालित दावा एवं आपत्ति चरण की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और बाद में विभिन्न सुनवाई स्थलों तथा मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया। आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए दावा एवं आपत्ति चरण का प्रभावी संचालन जरूरी है। इस अभियान के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने और आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
1.58 लाख से अधिक मतदाताओं के मामलों की होगी जांच
समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद रामगढ़ जिले के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,58,935 मतदाता ऐसे पाए गए हैं, जिनकी पूर्व निर्वाचक नामावली से आवश्यक मैपिंग नहीं हो पाई है या जो लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के अंतर्गत आते हैं। ऐसे मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का सत्यापन और नियमानुसार सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इन मामलों की सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए 22-बड़कागांव विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 12 तथा 23-रामगढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 11 ERO, AERO और अतिरिक्त AERO की प्रतिनियुक्ति की गई है।
15 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति कार्य पूरा करने का लक्ष्य
बैठक में बताया गया कि दावा एवं आपत्ति से जुड़े सभी प्रमुख कार्यों को 15 सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रक्रिया के तहत 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिकों से घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 प्राप्त कर उनका मतदाता सूची में नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा, वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज नहीं होने वाले पात्र नागरिकों और गणना प्रपत्र प्रस्तुत नहीं करने वाले पात्र नागरिकों से भी प्रपत्र-6 और घोषणा-पत्र प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
एक ही परिवार के सदस्यों को एक मतदान केंद्र से जोड़ने पर जोर
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान एक ही परिवार के सभी मतदाताओं का नाम उनके निवास के निकट स्थित एक ही मतदान केंद्र पर शामिल या स्थानांतरित करने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए संबंधित मतदाताओं से प्रपत्र-8 प्राप्त करने और मतदान केंद्र क्षेत्र के नजरी नक्शे के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने की जानकारी दी गई। ऐसे नागरिक जो सामान्य रूप से झारखंड में निवास करते हैं, लेकिन उनका नाम बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, उनके नाम को झारखंड की निर्वाचक नामावली में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील
आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं है या किसी कारणवश छूट गया है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रपत्र-6 और घोषणा-पत्र जमा कराने में सहयोग किया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से यह भी आग्रह किया कि एक ही परिवार के मतदाताओं का नाम नजदीकी मतदान केंद्र पर दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-8 भरने में लोगों की सहायता करें। बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सवालों और शंकाओं का भी समाधान किया गया।

सुनवाई स्थल और बरकाकाना मतदान केंद्र का किया निरीक्षण
बैठक के बाद आयुक्त ने नोटिस चरण के अंतर्गत सुनवाई के लिए निर्धारित मध्य विद्यालय, नयानगर, घुटूवा और अनुमंडल कार्यालय, रामगढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का सुरक्षित और सुव्यवस्थित संधारण करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रतिदिन प्राप्त दस्तावेजों की ऑनलाइन प्रविष्टि उसी दिन पूरा करने को कहा गया। इसके बाद आयुक्त ने 22-बड़कागांव विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 447, राजकीय मध्य विद्यालय, बरकाकाना के कमरा संख्या-05 का भी निरीक्षण किया। बीएलओ ने बताया कि अब तक लगभग 20 प्रपत्रों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जा चुकी है। आयुक्त ने संबंधित बीएलओ और सुपरवाइजर को सभी प्रपत्रों और अभिलेखों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने तथा उन्हें नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया। आयुक्त के दौरे का मुख्य उद्देश्य SIR 2026 के दावा एवं आपत्ति चरण को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से संचालित करते हुए रामगढ़ जिले में एक शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है।

यह भी पढ़ें: Patna Flood Alert: खतरे के निशान से ऊपर पहुंची गंगा, पटना के लिए बढ़ा बाढ़ का खतरा


















