SSC JE 2026 भर्ती में 1,748 पदों पर नियुक्ति होगी। आवेदन की अंतिम तारीख 22 सितंबर है। जानें योग्यता, आयु सीमा, फीस, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया।
SSC JE 2026 नई दिल्ली: कर्मचारी चयन आयोग यानी SSC ने जूनियर इंजीनियर परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में जूनियर इंजीनियर और भारत मौसम विज्ञान विभाग में साइंटिफिक असिस्टेंट के कुल 1,748 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। पिछले वर्ष 1,731 पदों पर भर्ती हुई थी। इस लिहाज से इस बार 17 पद अधिक हैं।
SSC JE 2026 के लिए उम्मीदवार 22 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। पेपर-1 अक्टूबर और नवंबर में तथा पेपर-2 दिसंबर में आयोजित किए जाने की संभावना है। ये ग्रुप बी, लेवल 6 के पद हैं। चयनित उम्मीदवारों को 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये तक वेतन मिलेगा।
SSC JE 2026: इस बार क्या बदला, किन उम्मीदवारों को मिलेगा फायदा
इस बार भर्ती में टेलीकॉम इंजीनियर से जुड़े पदों के साथ भारत मौसम विज्ञान विभाग में साइंटिफिक असिस्टेंट के पद भी शामिल किए गए हैं। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकम्युनिकेशन, कंप्यूटर साइंस, आईटी और फिजिक्स समेत संबंधित विषयों की पढ़ाई करने वाले उम्मीदवारों के लिए अवसर बढ़े हैं।
बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन यानी BRO में जूनियर इंजीनियर के पदों के लिए फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट और फिजिकल तथा मेडिकल स्टैंडर्ड भी लागू होंगे। इन पदों के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे।
भर्ती में सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल और टेलीकॉम इंजीनियर के पद शामिल हैं। प्रमुख विभागों में BRO, ब्रह्मपुत्र बोर्ड, केंद्रीय जल आयोग, CPWD, केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान केंद्र, रक्षा मंत्रालय के DGQA-NAVAL, MES, NTRO, दूरसंचार विभाग और मत्स्य पालन विभाग शामिल हैं।
SSC JE 2026: JE और साइंटिफिक असिस्टेंट के लिए योग्यता
सिविल जूनियर इंजीनियर के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा जरूरी है। कुछ पदों के लिए डिप्लोमा के साथ दो या तीन साल का संबंधित अनुभव भी मांगा गया है।
इलेक्ट्रिकल JE के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा और मैकेनिकल JE के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए।
टेलीकॉम JE के लिए इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन, कंप्यूटर साइंस, टेलीकम्युनिकेशन, आईटी, इंस्ट्रूमेंटेशन आदि विषयों में इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी की डिग्री मान्य होगी।
वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग में साइंटिफिक असिस्टेंट के लिए फिजिक्स विषय के साथ साइंस में ग्रेजुएशन या कंप्यूटर साइंस आदि से संबंधित डिग्री वाले उम्मीदवार पात्र होंगे।
Key Highlights
- SSC JE 2026 में कुल 1,748 पदों पर भर्ती होगी।
- आवेदन की अंतिम तारीख 22 सितंबर 2026 है।
- सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और टेलीकॉम JE के साथ साइंटिफिक असिस्टेंट के पद शामिल।
- पेपर-1 में 200 और पेपर-2 में 300 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी।
- अंतिम चयन में पेपर-2 के नॉर्मलाइज्ड अंक अहम होंगे।
SSC JE 2026: 100 रुपये आवेदन शुल्क, दो पेपर में होगी परीक्षा
अधिकांश पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष है, जबकि कुछ पदों के लिए यह 32 वर्ष निर्धारित है। SC, ST, OBC समेत आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित है। महिला उम्मीदवारों के अलावा SC, ST और एक्स सर्विसमेन उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
SSC JE परीक्षा में कंप्यूटर आधारित दो पेपर होंगे। पेपर-1 में सामान्य बुद्धिमत्ता एवं तर्कशक्ति के 50, सामान्य जागरूकता के 50 और संबंधित इंजीनियरिंग विषय के 100 प्रश्न होंगे। कुल 200 प्रश्न 200 अंकों के होंगे और परीक्षा के लिए दो घंटे मिलेंगे।
पेपर-2 में संबंधित इंजीनियरिंग विषय से 100 प्रश्न होंगे, जो कुल 300 अंकों के होंगे। इसकी अवधि भी दो घंटे रहेगी। पात्र दिव्यांग उम्मीदवारों को स्क्राइब की सुविधा मिलने पर दोनों पेपर के लिए 2 घंटे 40 मिनट का समय दिया जाएगा।
दोनों पेपर हिंदी और अंग्रेजी में होंगे। पेपर-1 में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक और पेपर-2 में प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
पेपर-1 केवल क्वालिफाइंग होगा। इसके नॉर्मलाइज्ड अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को पेपर-2 के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। अंतिम मेरिट में पेपर-2 के नॉर्मलाइज्ड अंक महत्वपूर्ण होंगे।


















