Vietnam road accident Vinay Raja: जितिया व्रत के बाद मां के सामने आया बेटे का शव, वियतनाम हादसे ने उजाड़े दो परिवार

Vietnam road accident Vinay Raja: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले झारखंड के दो युवाओं के पार्थिव शरीर रविवार को उनके घर पहुंचे तो दोनों परिवारों में मातम छा गया। जमशेदपुर के कदमा निवासी योग शिक्षक विनय कुमार का शव घर पहुंचते ही मां लग्न देवी बेसुध हो गईं। वहीं, रांची के कैलाश नगर निवासी योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर के पहुंचने पर भी परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

जितिया का व्रत रखा था, पारण के बाद पहुंचा बेटे का शव

कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 में रविवार को बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। विनय कुमार की मां ने बेटे की सलामती और लंबी उम्र के लिए जितिया का कठिन व्रत रखा था। रविवार को व्रत का पारण करने के कुछ ही देर बाद विनय का पार्थिव शरीर घर पहुंचा। बेटे का शव देखते ही मां लग्न देवी बदहवास होकर गिर पड़ीं। कुछ देर बाद वह शव से लिपटकर रोने लगीं। वह बार-बार बेटे को उठने के लिए पुकारती रहीं। मां की चीख-पुकार सुनकर परिवार और आसपास मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

बेटे की अर्थी उठी तो शास्त्रीनगर में छाया मातम

विनय के अंतिम दर्शन के लिए परिवार के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी पहुंचे। पिता रमेश कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। घर से जब विनय की अर्थी निकली तो माहौल एक बार फिर गमगीन हो गया। अंतिम यात्रा बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पहुंची, जहां विनय कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। जिस घर में कुछ समय पहले बेटे की सलामती की कामना की जा रही थी, उसी घर से उसकी अर्थी उठने का दृश्य बेहद मार्मिक रहा।

दो साल पहले योग प्रशिक्षण देने वियतनाम गए थे विनय

कदमा शास्त्रीनगर निवासी विनय कुमार करीब दो वर्ष पहले योग प्रशिक्षण देने के लिए वियतनाम गए थे। जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर की रात हल्की बारिश के दौरान विनय और रांची निवासी राजा कुमार वर्मा स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर स्कूटी फिसल गई और दोनों युवक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ओमनी कार से टकरा गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सांसद और केंद्रीय मंत्रियों की पहल से जमशेदपुर पहुंचा पार्थिव शरीर

विदेश में हुए हादसे के बाद दोनों युवकों के शव भारत लाने के लिए परिजनों की ओर से प्रयास शुरू किए गए। विनय के पार्थिव शरीर को जमशेदपुर लाने में सांसद विद्युत वरण महतो, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विदेश मंत्री एस. जयशंकर की पहल का भी उल्लेख किया गया है। शनिवार देर रात विनय का शव जमशेदपुर पहुंचा और उसे पहले टीएमएच में रखा गया। रविवार को अंतिम संस्कार से पहले परिजन शव को कदमा स्थित आवास लेकर पहुंचे। बेटे को आखिरी बार घर की चौखट पर देखकर परिवार का दर्द फिर फूट पड़ा।

रांची में राजा वर्मा को भी नम आंखों से अंतिम विदाई

वहीं, वियतनाम सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के युवा योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रविवार को कैलाश नगर स्थित उनके आवास पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिचित उनके घर पहुंचे। जिला प्रशासन की ओर से एडीएम भी पार्थिव शरीर के साथ राजा वर्मा के घर पहुंचे। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। प्रशासन की टीम ने शव को वियतनाम से रांची लाने की प्रक्रिया में परिजनों की मदद की। राजा कुमार वर्मा भारतीय योग परंपरा को विदेश में बढ़ावा देने और योग प्रशिक्षण देने का काम कर रहे थे। उनका अंतिम संस्कार रांची के हरमू मुक्तिधाम में किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, परिचित और गणमान्य लोग शामिल हुए। नम आंखों से सभी ने राजा वर्मा को अंतिम विदाई दी।

यह भी पढ़ें: Tata Steel PM Mall Notice: टाटा स्टील ने P&M मॉल को भेजा अंतिम नोटिस, बकाया राशि नहीं देने पर जमीन वापस लेने की बात

Jamshedpur Bank Robbery: जमशेदपुर की सबसे बड़ी बैंक डकैती में बड़ा...

Jamshedpur Bank Robbery: गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई बड़ी डकैती के मामले में पुलिस ने पांच संदिग्ध डकैतों की तस्वीरें...

Asian Games 2026: भारत के 85 पदकों में 29 में Reliance...

Asian Games 2026, मुंबई: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कुल 85 पदक हासिल किए और मेडल टेबल में चौथे स्थान पर रहा। इस...

Sahibganj Crime: मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की गला रेतकर हत्या,...

 साहिबगंज के मोहनपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले गौर चंद्र बागती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। पुलिस मामले की...