Commercial Advertisment

BGH Bokaro News बोकारो BGH में नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव! सामान्य प्रसव के नाम पर वसूली का भी आरोप, जांच शुरू

 बोकारो जनरल अस्पताल में सामान्य प्रसव के बाद 400 रुपये की मांग और नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव देने का आरोप लगा है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।


BGH Bokaro News  बोकारो: Bokaro जनरल अस्पताल (BGH) एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। इस बार अस्पताल के कुछ कर्मचारियों पर सामान्य प्रसव के नाम पर पैसे मांगने और नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव देने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार की ओर से लगाए गए इन आरोपों से स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन और बोकारो स्टील प्रबंधन ने संज्ञान लिया है। चास के एसडीएम प्रांजल ढांडा ने मामले की जांच का निर्देश दिया है, जबकि सेक्टर-4 थाना पुलिस भी पूरे प्रकरण की छानबीन कर रही है। फिलहाल प्रसूता सोनी कुमारी और उनकी नवजात बच्ची को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

BGH Bokaro News :सामान्य प्रसव के बाद 400 रुपये से शुरू हुआ विवाद, 10 हजार जमा करने के बाद भी दबाव का आरोप

मामला बोकारो के सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार बावरी के परिवार से जुड़ा है। उनकी पत्नी सोनी कुमारी को 29 अक्टूबर को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, 30 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे सोनी कुमारी ने सामान्य प्रसव से एक बच्ची को जन्म दिया।

बच्ची के पिता मनोज कुमार बावरी का आरोप है कि प्रसव के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उनसे 400 रुपये की मांग की। इसके बाद कथित तौर पर रकम बढ़ाकर पहले 21 हजार और फिर 15 हजार रुपये बताई गई। मनोज का कहना है कि उन्होंने अस्पताल में 10,400 रुपये जमा किए थे। इसके बावजूद उनसे दोबारा 10 हजार रुपये जमा करने का दबाव बनाया जाने लगा।

मनोज के मुताबिक, आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने अतिरिक्त रकम देने में असमर्थता जताई थी। इसी दौरान अस्पताल के एक सफाई कर्मचारी और तीन नर्सों पर उनकी नवजात बच्ची को दो लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव देने का गंभीर आरोप लगा।

परिवार का दावा है कि कर्मचारियों ने कहा कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और बच्ची का पालन-पोषण नहीं कर पाएंगे। इसलिए बच्ची को किसी दूसरे व्यक्ति को दे दें, जिसके बदले उन्हें दो लाख रुपये मिल जाएंगे।

Bokaro News:मां का आरोप- बच्ची देने से किया इनकार, मानसिक दबाव बनाया गया

सोनी कुमारी ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि अस्पताल में एक महिला कर्मचारी उनके पास आई थी। उसका चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। उसने कथित तौर पर कहा कि अगर परिवार अस्पताल का बिल नहीं चुका पा रहा है तो दो लाख रुपये लेकर बच्ची दे दे।

सोनी के अनुसार, उन्होंने इस प्रस्ताव पर अपने पति से बात करने की बात कही। जब उन्होंने मनोज से चर्चा की तो उन्होंने बच्ची देने से साफ इनकार कर दिया। सोनी का कहना है कि उन्होंने भी स्पष्ट कर दिया कि जब उन्होंने बच्ची को जन्म दिया है तो उसका पालन-पोषण भी खुद करेंगी।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में उन्हें अपने पति से मिलने तक नहीं दिया जा रहा था। चक्कर आने और गिरने की आशंका के कारण उन्हें बाहर जाने से रोका जाता था। लगातार दबाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थीं। वीडियो में वह आत्महत्या जैसे विचार आने की बात भी कहती सुनाई दे रही हैं।

Bokaro News:वीडियो में पुराने मामलों का भी दावा, पुलिस ने शुरू की जांच

इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सोनी कुमारी अस्पताल में बच्चों की खरीद-बिक्री के लिए कागजात तैयार किए जाने की बात कहती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह यह दावा भी करती सुनाई दे रही हैं कि अस्पताल से पहले भी कई बच्चों को बेचा जा चुका है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चास एसडीएम प्रांजल ढांडा ने जांच का निर्देश दिया है। सेक्टर-4 थाना पुलिस ने भी प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी नीतीश कुमार के अनुसार, एसडीएम की ओर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम बोकारो BGH अस्पताल पहुंची थी। वहां प्रारंभिक जांच और मामले का सत्यापन किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में बच्चा खरीद-बिक्री से जुड़ा कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, मामले की गहन छानबीन जारी है और जांच पूरी होने के बाद वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

फिलहाल मां और नवजात बच्ची को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अस्पताल में वास्तव में बच्ची को बेचने का प्रस्ताव दिया गया था या नहीं और इस मामले में किन लोगों की भूमिका रही है।

 

National Junior Kabaddi Championship: आखिरी रेड में पलटा पूरा खेल! दिल्ली...

National Junior Kabaddi Championship, पटना: पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में आयोजित 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप के दूसरे दिन सोमवार को...

Patna Fake Bisleri Water Raid: पटना में पानी के नाम पर...

Patna Fake Bisleri Water Raid: राजधानी में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नाम पर कथित अनियमितताओं और मानकहीन पानी की बिक्री के खिलाफ खाद्य संरक्षा...

Muzaffarpur PNG Gas Pipeline Blast: गोबरसही-डुमरी में कैसे हुआ भीषण गैस...

Muzaffarpur PNG Gas Pipeline Blast: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार दोपहर PNG गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। सदर थाना...